-कहा मामले की सुनवाई पहले से जारी, फिल्म के दृश्य को लेकर डॉक्टरों ने जताई है आपत्ति
नई दिल्ली (आरएनएस)। अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म सूर्या अंत से आरंभ तक कानूनी विवादों में घिर गई है। फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को सुनवाई करने से इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की खंडपीठ ने कहा कि इस मामले में अलग से सुनवाई करने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि इससे संबंधित याचिका पर पहले ही अदालत में सुनवाई चल रही है।लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि एकल न्यायाधीश की पीठ पहले से ही इस मामले से जुड़ी याचिका पर विचार कर रही है। उस याचिका पर 16 नवंबर को सुनवाई निर्धारित है। ऐसे में एक ही मामले में समानांतर कार्यवाही चलाने की आवश्यकता नहीं है।
अदालत ने याचिकाकर्ताओं को सुझाव दिया कि वे एकल न्यायाधीश के समक्ष चल रही कार्यवाही में शामिल होकर अपनी बात रख सकते हैं। साथ ही उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी अपनी आपत्तियां और पक्ष रखने की स्वतंत्रता दी गई।यह जनहित याचिका डॉ. नचिकेता भाटिया और डॉ. ध्रुव चौहान की ओर से दायर की गई थी। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि फिल्म सूर्या के प्रचार दृश्य में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ हिंसा को नायकत्व के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशे में भ्रष्टाचार को सामान्य व्यवहार के तौर पर दिखाया गया है।
याचिका में कहा गया कि इस तरह का चित्रण सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 5बी का उल्लंघन करता है। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि फिल्म के ऐसे दृश्य सार्वजनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। इसी आधार पर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई थी।
फिल्म को लेकर दिल्ली के कई डॉक्टर पहले से ही विरोध जता रहे हैं। डॉक्टरों का आरोप है कि फिल्म में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशे और चिकित्सकों की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस विवाद के कारण फिल्म की रिलीज से पहले ही कानूनी और सामाजिक स्तर पर बहस तेज हो गई है।
हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने फिलहाल फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने संबंधी इस नई जनहित याचिका पर विचार नहीं किया है। मामले से जुड़ी अन्य याचिका पर 16 नवंबर को होने वाली सुनवाई में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।








