राहुल गांधी का भगवंत मान पर निशाना, बोले- उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी

Join Us

संगरूर (आरएनएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर शराब पीने को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पंजाब के संगरूर में आयोजित इंसाफ रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश से नशे की समस्या पूरी तरह समाप्त करने का वादा किया था, लेकिन वह इस वादे को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भगवंत मान लोकसभा के सदस्य थे, तब सुबह-सुबह उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी।राहुल गांधी ने रैली में कहा कि पंजाब की जनता ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताकर उन्हें सत्ता सौंपी थी। पार्टी ने वादा किया था कि वह प्रदेश से नशीले पदार्थों की समस्या खत्म कर देगी। उन्होंने सवाल किया कि आखिर पंजाब के किस हिस्से से नशे की समस्या समाप्त करने में सरकार सफल रही है? उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नशे की समस्या को खत्म करने में नाकाम रही है।
राहुल गांधी ने भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह लोकसभा में सदस्य थे, तब सुबह के समय उनके साथ बैठकर चुटकुले सुनाया करते थे। लेकिन सुबह करीब 11 बजे तक उनकी सांसों से शराब की गंध आने लगती थी। राहुल ने कहा कि वह यह नहीं कह रहे कि भगवंत मान को शराब नहीं पीनी चाहिए, क्योंकि यह उनका निजी मामला है। लेकिन यदि कोई मुख्यमंत्री प्रदेश में नशे के खिलाफ लड़ाई लडऩे की बात करता है, तो उसका स्वयं नशे की हालत में रहना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या गंभीर बनी हुई है और सरकार को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए। नशे के खिलाफ अभियान चलाने के लिए नेतृत्व को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सार्वजनिक स्थानों और कार्यक्रमों में नशे की हालत में पहुंचने के आरोप पहले भी लग चुके हैं। इन आरोपों से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आने का दावा किया गया था। हालांकि, आम आदमी पार्टी लगातार मुख्यमंत्री का बचाव करती रही है।
मई में पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस के सदस्यों ने भी भगवंत मान पर नशे की हालत में सदन में भाषण देने का आरोप लगाया था। विपक्षी नेताओं ने उनका नशा परीक्षण कराने की मांग भी की थी।
इसके अलावा बैसाखी के अवसर पर मुख्यमंत्री के एक गुरुद्वारे में कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचने को लेकर भी विवाद हुआ था। राहुल गांधी के ताजा बयान के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री के कथित नशे की आदत और प्रदेश में नशे की समस्या को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

Previous articleचुनाव आयोग का बड़ा फैसला : फॉर्म-6 से हटाया एसआईआर घोषणा का कॉलम, अब भरने होंगे अलग-अलग फॉर्म
Next articleराजस्थान में भारत-पाक सीमा के पास रेलवे पटरी पर जोरदार धमाका, ट्रैक पर हुआ गड्ढा