श्रीगंगानगर (आरएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रेलवे पटरी पर बीती रात जोरदार धमाका होने से हडक़ंप मच गया। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण रेलवे पटरी के नीचे लगे दो सीमेंट के खंड क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रैक पर बड़ा गड्ढा बन गया। घटना के बाद एहतियातन अनूपगढ़ और सूरतगढ़ के बीच रेल यातायात रोक दिया गया। इस मार्ग पर चलने वाली छह ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद कई जांच एवं सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं।
जानकारी के अनुसार, धमाका अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे मार्ग पर 50 जीबी बिंदु के पास हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। बताया गया है कि धमाके से करीब आधा घंटा पहले अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जा रही एक ट्रेन इसी मार्ग से गुजरी थी। इससे एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाकर्मियों की टीम रात करीब दो बजे घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से अनूपगढ़ और सूरतगढ़ के बीच रेल सेवाएं सुबह नौ बजे तक निलंबित कर दी गईं। इसके बाद रेलवे मार्ग की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए गए। सीमा से सटे संवेदनशील इलाके में रेलवे पटरी पर विस्फोट की सूचना मिलते ही खुफिया ब्यूरो (आईबी), अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और आतंकवाद निरोधक दस्ते के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों और इसकी प्रकृति का पता लगाने में जुटी हैं।
श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि विस्फोट किस प्रकृति का था। सीमा क्षेत्र में हाल ही में बरामद 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स से इस घटना का कोई संबंध स्थापित नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि पिछले महीने सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।








