नईदिल्ली(आरएनएस)। भारत ने अपनी कूटनीतिक नाराजगी के बीच पाकिस्तान को अगले महीने दिल्ली में होने वाली सभ्यता संवाद मंच यानी सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के लिए आमंत्रित किया है। यह कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभी 10 देशों को बुलाया गया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय पर सामने आया है, जब पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर को 18 महीने हो गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सभी एससीओ सदस्यों को बातचीत के लिए बुलाया गया है और इस बहुपक्षीय पहल का पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय रिश्तों से कोई लेना-देना नहीं है।
बताया जा रहा है कि बैठक के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और सांस्कृतिक मंत्री औरंगजेब खान खिची को बुलाया गया है।
बता दें कि पाकिस्तान ने आखिरी बार मई 2023 में गोवा में एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था, तब बिलावल भुट्टो जरदारी आए थे।
भारत ने हाल में एससीओ बैठक के दौरान आतंकवाद के समर्थन के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधा था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को आतंकवाद खत्म करने के लिए मिलकर कार्रवाई करने की अपील की और कहा कि इस बुराई से निपटने में दोहरे मापदंड को कोई सही नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने यह बात ताजिकिस्तान के दुशांबे में एससीओ काउंसिल के सरकार प्रमुखों की 25वीं मीटिंग में पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार की मौजूदगी में कही थी।
भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय रिश्ते कड़वे हों, लेकिन इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर अक्टूबर 2024 में एससीओ काउंसिल हेड्स ऑफ गवर्नमेंट मीटिंग के लिए पाकिस्तान गए थे, जो 9 साल में पाकिस्तान जाने वाले पहले भारतीय विदेश मंत्री बने थे।








