पति के 5 टुकड़े कर ड्रम में भरने वाली पत्नी मुस्कान और प्रेमी को फांसी की सजा, फैसला सुनते ही रो पड़े दोनों

Join Us

मेरठ (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा मुकर्रर की है। अदालत ने इसे ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ (रेयरेस्ट ऑफ रेयर) अपराध मानते हुए दोनों दोषियों को मृत्युदंड दिया। फैसला सुनाए जाने के दौरान जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े दोनों दोषी फूट-फूटकर रोने लगे, जबकि पीडि़त परिवार ने फैसले पर राहत जताते हुए कहा कि आज सौरभ को सच्चा न्याय मिल गया।
‘मेरी बच्चियों का ख्याल रखा जाए’- सजा पर मुस्कान का जवाब, प्रेमी रहा खामोश
सजा के ऐलान से पहले अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोनों दोषियों से उनका अंतिम पक्ष जानना चाहा। जज ने जब मुस्कान से पूछा कि तुम अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या में दोषी पाई गई हो, अपनी सजा को लेकर क्या कहना चाहती हो? इस पर मुस्कान ने रोते हुए केवल इतना कहा- मेरी बच्चियों का ख्याल रखा जाए।
इसके बाद वह पूरी तरह खामोश हो गई। वहीं, जब यही सवाल उसके प्रेमी और सह-अभियुक्त साहिल से पूछा गया, तो वह अदालत के सामने सिर झुकाकर चुपचाप खड़ा रहा।
5 टुकड़ों में काटा था शव, नीले ड्रम में भरकर छिपाने की थी साजिश
यह खौफनाक वारदात 3 मार्च 2025 को अंजाम दी गई थी। अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति सौरभ राजपूत की मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर निर्मम हत्या कर दी थी। हैवानियत की हद पार करते हुए आरोपियों ने शव के 5 टुकड़े किए और साक्ष्य छिपाने के मकसद से उन्हें एक बड़े नीले ड्रम में भर दिया था। मामले के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने पुख्ता डिजिटल व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया था।
कोर्ट के फैसले के बाद रो पड़ीं मां, बोलीं- आज बेटे की आत्मा को शांति मिली
सजा सुनाए जाने के बाद अदालत परिसर में मौजूद सौरभ की मां अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं। उन्होंने नम आंखों से न्यायपालिका का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या करने वालों को उनके किए की सही सजा मिली है और आज परिवार को सुकून और शांति से न्याय मिला है। अभियोजन पक्ष ने अदालत के इस फैसले को समाज में इस तरह के जघन्य अपराधों के खिलाफ एक कड़ा और नजीर पेश करने वाला संदेश बताया है।

Previous articleनीट-यूजी पेपर लीक मामले में 14वें आरोपी के खिलाफ सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट, 22 अक्टूबर को अगली सुनवाई
Next articleकश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में सफेद चादरों से ढका गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुरेज का इलाका