नई दिल्ली (आरएनएस)। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए बुधवार को 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के खिलाफ राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इससे पहले जांच एजेंसी इस मामले में 13 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र पेश कर चुकी है। विशेष अदालत ने दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए मामले की अगली सुनवाई 22 अक्टूबर तय की है और आरोपी को चार्जशीट की प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
आरोपी शुभम खैरनार का करीबी सहयोगी है सूर्यवंशी
सीबीआई के अनुसार, शेषराव बजरंग सूर्यवंशी इस बड़े पेपर लीक सिंडिकेट के एक अन्य प्रमुख आरोपी शुभम खैरनार का करीबी सहयोगी रहा है। जांच एजेंसी लगातार परीक्षा की शुचिता भंग करने और सुनियोजित तरीके से प्रश्नपत्र लीक कराने वाले नेटवर्क के हर लिंक की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है। सूर्यवंशी पर मामले से जुड़े अन्य सह-अभियुक्तों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आरोप है।
22 अक्टूबर से आगे बढ़ेगी कानूनी प्रक्रिया, 13 पर पहले हो चुकी है कार्रवाई
राउज एवेन्यू कोर्ट में 14वें आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अब सभी आरोपियों के खिलाफ अदालती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। अदालत ने स्पष्ट किया है कि 22 अक्टूबर को तय सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष को दस्तावेजों की आपूर्ति की समीक्षा की जाएगी और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू होगी। सीबीआई इस व्यापक नेटवर्क में शामिल अन्य संभावित संलिप्तताओं की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।








