श्रीनगर (आरएनएस)। कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में रातभर बर्फबारी हुई. इससे गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुरेज जैसे इलाके बर्फ से ढक गए. वहीं मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई. श्रीनगर में मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर से एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने इलाके को प्रभावित किया, जिससे घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश हुई. उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण दैनिक तापमान में कमी आई है, जो अक्टूबर के पहले सप्ताह में 31 डिग्री के आसपास रहा. अगले दो दिनों में जम्मू और कश्मीर में कई स्थानों पर बारिश, बर्फबारी और गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
जबकि कश्मीर में बारिश और बर्फबारी देखी गई, जम्मू में तापमान में गिरावट के साथ बादल छाए रहे. उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में गुरेज घाटी के तुलैल क्षेत्र और राजदान दर्रे, कुपवाड़ा में सन्हना दर्रे में मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई है.
यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण बांदीपोरा-गुरेज राजमार्ग बंद हो गया है, जबकि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल रोड जो कश्मीर को पीर पंजाल जिलों से जोड़ता है, और कुपवाड़ा-करनाह राजमार्ग खुले हैं.
उन्होंने कहा कि श्रीनगर-लेह मार्ग रात भर बंद था, लेकिन आज इसे खोल दिया गया है. मौसम विभाग ने 16 अक्टूबर से मौसम में सुधार की भविष्यवाणी की है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. आईएमडी अधिकारियों ने कहा, 17 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक आमतौर पर शुष्क स्थिति रहने की संभावना है.
००








