ट्रिपल मर्डर से देहरादून में हडक़ंप, 300 रुपए के लिए प्लंबर ने पेचकस से गोदकर दंपती और नौकरानी को उतारा मौत के घाट

Join Us

देहरादून ,07 अक्टूबर ,(आरएनएस)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मजदूरी के मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां महज 300 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े में तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर घर में काम करने आए एक प्लंबर ने आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी, उनकी रिटायर्ड शिक्षिका पत्नी और बीच-बचाव करने आई पड़ोस की घरेलू सहायिका की पेचकस से गोदकर नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर बुजुर्ग महिला की सोने की चेन लूटकर भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया।
दो घंटे के काम पर पूरे दिन की दिहाड़ी मांगने पर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर (थाना किरतपुर) का रहने वाला है और वर्तमान में देहरादून के सहारनपुर चौक स्थित इंद्रेश नगर में रहता है। वह पिछले दो सालों से बुजुर्ग दंपती के घर में प्लंबिंग का काम करता था। मंगलवार को उसने घर में करीब दो घंटे काम किया और पूरे दिन की दिहाड़ी के रूप में 600 रुपये मांगने लगा। वहीं, बुजुर्ग दंपती का कहना था कि काम केवल आधे दिन का हुआ है, इसलिए वे 300 रुपये ही देंगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई, जिसके बाद आरोपी गुस्से में वहां से चला गया।
वापस लौटकर छीनी चेन, पेचकस से किए ताबड़तोड़ वार
विवाद के कुछ देर बाद आरोपी राजकुमार बदले की नीयत से दोबारा घर में घुसा। उसने सबसे पहले 75 वर्षीय रजनी कपूर के गले से सोने की चेन झपट ली। जब बुजुर्ग दंपती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपने पास रखे नुकीले पेचकस से 80 वर्षीय रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी पर अंधाधुंध वार करने शुरू कर दिए। घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला (48) दौडक़र बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन दरिंदे ने उस पर भी पेचकस से कई घातक वार कर दिए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के फर्श पर तीनों लोग खून से लथपथ हालत में पड़े थे। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त थे, जबकि रजनी कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पद से रिटायर हुई थीं। उनके दो बेटे हैं- एक पुणे और दूसरा दिल्ली में रहता है, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि वारदात के बाद लूटी गई चेन लेकर भाग रहे आरोपी राजकुमार को पड़ोसियों ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटी गई चेन और हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Previous articleश्राद्ध पक्ष में श्रद्धापूर्वक स्मरण
Next articleइंसानियत शर्मसार : ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर महिला को पेड़ से बांधा, सबके सामने दरिंदगी कराकर बनाया वीडियो