पंजाब के तरन तारन में 2 पाकिस्तानी घुसपैठियों को बीएसएफ ने ढेर किया

Join Us

तरनतारन (आरएनएस)। पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने नाकाम कर दिया। राजोके सीमा चौकी के पास शुक्रवार तडक़े भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कथित कोशिश कर रहे दो संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिकों को सुरक्षा बलों ने गोलीबारी में मार गिराया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीमा पार से कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधि दिखाई देने पर जवानों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी थी, लेकिन वे भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ते रहे। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने गोलीबारी की, जिसमें दो लोग मारे गए। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर स्थित चट्टनवाला क्षेत्र से कम से कम तीन संदिग्ध लोग भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे। बीएसएफ जवानों ने उनकी गतिविधि को देखते हुए उन्हें चुनौती दी और वापस लौटने की चेतावनी दी।
चेतावनी के बावजूद आगे बढऩे पर जवानों ने कार्रवाई की। गोलीबारी में दो संदिग्ध मारे गए, जबकि तीसरा व्यक्ति कथित तौर पर वापस पाकिस्तान की ओर भाग गया।
गोलीबारी में मारे गए दोनों संदिग्धों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। अधिकारियों के अनुसार, उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटनास्थल से बरामद सामान और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों की पहचान क्या थी और वे किस उद्देश्य से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।
घटना के बाद बीएसएफ ने पंजाब पुलिस को सूचना दी और मृतकों के शव आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस को सौंप दिए। मामले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य घुसपैठ की परिस्थितियों, संदिग्धों की पहचान और उनके भारत में प्रवेश के संभावित उद्देश्य का पता लगाना है।
घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। तरनतारन सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ के प्रयासों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Previous articleचुनाव आयोग ने राज्यों में मतदाता सूची से छूटे हुए लोगों को जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश
Next articleदर्दनाक हादसा : मां दुर्गा की मूर्ति लेकर जा रही पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर; सात की मौत, 21 घायल