नई दिल्ली (ए.)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को कहा कि अपनी आत्मकथा लिखने की एक बड़ी वजह यह है कि उनके परिवार के बारे में काफी कुछ ऐसा लिखा गया, जो सच नहीं था। वह अपनी कहानी और भावनाओं के जरिए तथ्यों को सामने लाना चाहती थीं। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के आधिकारिक विमोचन कार्यक्रम में बताया कि किताब के जिन हिस्सों को लिखना उनके लिए सबसे मुश्किल रहा, वे उनकी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तथा उनके पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े थे। राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके साथ उनका प्रेम किसी जादुई अनुभव जैसा था। पाठकों की ओर से किताब को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह लोगों के प्यार से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा, मुझे हमेशा लगता था कि लोग इसमें दिलचस्पी लेंगे, लेकिन यह प्रतिक्रिया मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा और अप्रत्याशित है। कार्यक्रम में हार्पर कॉलिन्स इंडिया के एक अधिकारी के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने किताब को लेकर आलोचनाओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कुछ प्रतिक्रियाएं काफी खराब थीं, जबकि कुछ प्रतिक्रियाएं वास्तविक और ईमानदार थीं।किताब लिखने की वजह बताते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनके दोस्त लगातार उनसे अपनी कहानी लिखने के लिए कहते थे। उन्होंने कहा, मैं अपनी अंदरूनी भावनाओं को जाहिर करने से हमेशा बचती रही हूं, लेकिन राहुल, प्रियंका और मंजुलिका दुबे के बार-बार कहने पर आखिरकार मैंने किताब लिखने का फैसला किया। उन्होंने कहा, शुरुआत में यह मुश्किल था, लेकिन एक बार लिखना शुरू किया तो जैसे भावनाओं का बांध टूट गया।सोनिया गांधी ने कहा, किताब लिखने की एक वजह यह भी थी कि मेरे परिवार, मेरी सास, मेरे पति, मेरे बेटे और बेटी के बारे में बहुत कुछ कहा गया। इनमें से ज्यादातर बातें मनगढ़ंत थीं। हमारे बारे में ऐसी बातें लिखी गईं, जो तकलीफ पहुंचाने वाली थीं। यह किताब अपनी और अपने परिवार की भावनाओं को सामने रखने का एक तरीका है।सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कभी डायरी नहीं लिखी। न तो बचपन में और न ही अपने राजनीतिक जीवन के दौरान। इसलिए किताब में लिखी ज्यादातर बातें उनकी यादों पर आधारित हैं। उन्होंने बताया कि किताब का नाम बिलॉन्गिंग रखने के पीछे भी एक खास वजह है। इसका अर्थ किसी जगह या परिवार का हिस्सा होना है। उन्होंने कहा, मेरे मामले में यह बताता है कि मैंने किसी परिवार और समाज का हिस्सा बनने के लिए कितनी कोशिश की।
उन्होंने कहा कि भारत में शादी के बाद कई महिलाओं को नए घर और माहौल में खुद को ढालने में मुश्किल होती है। भले ही उनका पारिवारिक और सामाजिक परिवेश एक जैसा क्यों न हो। सोनिया गांधी ने बताया कि जब वह भारत आईं और इंदिरा गांधी की बहू बनीं, तो यहां का माहौल उनके इटली के पारिवारिक माहौल से काफी अलग था। यहां रिश्तों में ज्यादा औपचारिकता थी। उन्होंने कहा, लेकिन इटली में मेरी परवरिश ने मुझे बड़ों और वरिष्ठ लोगों का सम्मान करना सिखाया था। इससे मुझे नए माहौल में ढलने में मदद मिली।








