महाराष्ट्र के रायगढ़ में बड़ा हादसा, समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत

Join Us

रायगढ़,(आरएनएस)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पुणे के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान से पिकनिक के लिए आए आठ छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। मृतक छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आठों शव बरामद कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कोचिंग संस्थान का 48 सदस्यीय दल दिवेआगर समुद्र तट पर घूमने आया था। दल में 25 छात्र, 17 छात्राएं और छह शिक्षक शामिल थे। इसी दौरान आठ छात्र समुद्र में नहाने के लिए गहरे पानी की ओर चले गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पानी की गहराई और समुद्री बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव दल ने तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों और जलक्रीड़ा केंद्र के कर्मचारियों ने भी बचाव कार्य में मदद की। काफी प्रयास के बाद सभी छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाले गए। शवों को बोरली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।मृतक छात्रों की पहचान यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भांडवलकर, तन्मय दत्तात्रेय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवीर वाहिले, प्रणव बनसोडे और सुमित अहिरे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हादसा दिवेआगर समुद्र तट के उस क्षेत्र में हुआ, जो दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार के मंत्री भरत गोगावले और अदिति तटकरे ने प्रशासन से संपर्क किया। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी रायगढ़ के जिलाधिकारी से बात कर घटना की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से मृत छात्रों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस हादसे से छात्रों के परिवारों और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन अब दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

 

Previous articleभोपाल में आदर्श गौ शाला स्थापित करने के कार्य को शीघ्र पूर्ण करें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleराम मंदिर चंदा चोरी, चंपत राय के खिलाफ कार्रवाई की याचिका पर विचार करेगा सुप्रीम कोर्ट