बॉलीवुड में आईटी का बड़ा छापा, अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह और वासु भगनानी के 12 ठिकानों पर एक साथ दबिश

Join Us

मुंबई ,29 सितंबर ,(आरएनएस)। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में उस वक्त भारी हडक़ंप मच गया जब आयकर विभाग ने मशहूर अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर व दिग्गज फिल्म निर्माता वासु भगनानी और जानी-मानी फिल्म निर्माण कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और कर चोरी के इनपुट्स मिलने के बाद आयकर विभाग की अलग-अलग विशेष टीमों ने मुंबई में करीब 12 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से फिल्म जगत के गलियारों में खलबली मच गई है।
12 ठिकानों पर एक साथ दबिश, विदेशी लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें
आयकर विभाग की टीमें संबंधित प्रोडक्शन हाउस, दफ्तरों और रिहायशी परिसरों में पहुंचकर दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही हैं। जांच अधिकारी कंपनियों के वित्तीय बही-खाते, बैलेंस शीट, बैंक खातों के लेन-देन और हाल के वर्षों में किए गए बड़े विदेशी ट्रांजैक्शन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड्स को अपने कब्जे में ले रहे हैं। अधिकारियों का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि क्या इन लेन-देन में टैक्स नियमों का उल्लंघन किया गया है या फिर अघोषित आय को छुपाने की कोशिश हुई है।
फिल्मों के बहाने विदेशों में फंड भेजने और टैक्स चोरी का अंदेशा
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों को लंबे समय से ऐसी खुफिया जानकारियां मिल रही थीं कि विदेशी लोकेशनों पर फिल्मों की शूटिंग, इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स और प्रोडक्शन खर्चों के नाम पर मोटी रकम विदेश भेजी जा रही है। आयकर विभाग को शक है कि इन भारी-भरकम खर्चों की आड़ में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी को अंजाम दिया गया और नियमों को ताक पर रखकर पैसों की हेराफेरी की गई। फिलहाल अधिकारी जब्त किए गए कागजातों और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की फोरेंसिक जांच में जुटे हैं।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएंगे आंकड़े, प्रतिक्रिया का इंतजार
राजस्व अधिकारियों की यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। माना जा रहा है कि डिजिटल डेटा और बही-खातों के विश्लेषण के बाद ही विभाग सामने आई अघोषित संपत्ति और कर चोरी के वास्तविक आंकड़ों का खुलासा करेगा। वहीं, इस बड़े छापे को लेकर अभी तक अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, उनके पति जैकी भगनानी, निर्माता वासु भगनानी या पैनोरमा स्टूडियोज की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई या बयान सामने नहीं आया है।

Previous articleट्रैफिक चालान नहीं भरा तो बिजली बिल में जोड़ दें जुर्माना, सुप्रीम कोर्ट ने दी सलाह
Next articleदिल्ली में जहरीली हवा पर बड़ा एक्शन, 1 नवंबर से निर्माण कार्यों पर रोक, दफ्तरों के टाइम में भी बड़ा फेरबदल