नागालैंड में जहरीली शराब से 19 लोगों की मौत, 19 गिरफ्तार

Join Us

कोहिमा (आरएनएस)। नागालैंड में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पिछले दो दिनों में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मिलावटी शराब के स्रोत का पता लगाने और मौतों के कारणों की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए नमूने फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें जहरीली या मिलावटी शराब के सेवन से हुई हैं या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। केजो ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन फिलहाल इनके बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करना जल्दबाजी होगी। पुलिस शराब के स्रोत और इसके वितरण से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है।
मौतों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 3,000 बोतल शराब भी जब्त की है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां तैयार की गई थी और इसे किन इलाकों में पहुंचाया गया।
नागालैंड में शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद कथित रूप से अवैध और मिलावटी शराब की बिक्री तथा सेवन का मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है।
इस महीने मध्य प्रदेश के सागर जिले में भी कथित जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत का मामला सामने आया था। इस घटना में मृतकों के शवों के नीले पडऩे की बात सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
मध्य प्रदेश में इस मामले से जुड़े कुछ आरोपियों के घरों पर प्रशासन की ओर से बुलडोजर कार्रवाई भी की गई थी। घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए थे।
नागालैंड में सामने आए ताजा मामले के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित मिलावटी शराब का निर्माण और वितरण किस स्तर पर हुआ। जांच दल की रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के परिणाम सामने आने के बाद मौतों के वास्तविक कारण तथा मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
००

Previous articleतेलंगाना में गणेश विसर्जन के दौरान हादसों में सब-इंस्पेक्टर समेत 13 लोगों की मौत, 26 गंभीर रूप से घायल
Next articleराम मंदिर दान चोरी में 67 लोगों के शामिल होने का दावा, 73,480 पन्नों का आरोप-पत्र दाखिल