कोलकाता, (आरएनएस)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे अवदाब के प्रभाव से गंगासागर में समुद्र अशांत हो गया है। तेज हवाओं और ऊंची उठती समुद्री लहरों को देखते हुए प्रशासन ने तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और मछुआरों के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। लोगों को समुद्र में जाने से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने 25 सितंबर तक समुद्र में जाने पर रोक लगा दी है।
गंगासागर के समुद्र तट, स्नान घाटों और आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणाएं कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई नया मछली पकडऩे वाला ट्रॉलर समुद्र में न जाए।
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब हालांकि आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के तटीय जिलों में मौसम खराब हो गया है। गंगासागर में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में लगातार उथल-पुथल बनी हुई है।
सागर प्रखंड प्रशासन की पहल पर नागरिक सुरक्षा दल सुबह से ही गंगासागर के विभिन्न हिस्सों में लाउडस्पीकर के जरिये लोगों को सावधान कर रहे हैं। समुद्र तट, स्नान घाट और कपिल मुनि आश्रम के आसपास विशेष निगरानी और गश्त की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से स्पष्ट कहा है कि समुद्र की स्थिति सामान्य होने तक किसी भी परिस्थिति में पानी में न उतरें।
गंगासागर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में खराब मौसम के बीच समुद्र में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन पहले से ही सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक कदम उठा रहा है और लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गहरे अवदाब के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण समुद्र के और उग्र होने तथा निचले तटीय इलाकों में जलभराव की आशंका बनी हुई है।
सागर द्वीप के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। विशेष रूप से अस्थायी और कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित आश्रय स्थलों पर जाने का आग्रह किया जा रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन दलों को तैयार रखा गया है, ताकि आवश्यकता पडऩे पर तत्काल बचाव और राहत अभियान शुरू किया जा सके।
तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और समुद्र तट से दूर रहने की अपील की गई है। पुलिस और नागरिक सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि कोई व्यक्ति प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन कर समुद्र के पास न पहुंचे।
प्रशासन ने तटीय क्षेत्र के निवासियों और यहां आने वाले लोगों से अगले कुछ दिनों तक मौसम संबंधी सूचनाओं पर नजर रखने को कहा है। लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की गई है।
००








