मुंबई के कोस्टल रोड पर बेकाबू बीएमडब्ल्यू का कहर, 3 की दर्दनाक मौत; सुबह-सुबह टहल रहे लोगों को रौंदा

Join Us

मुंबई ,20 सितंबर ,(आरएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के प्रतिष्ठित कोस्टल रोड पर रविवार तडक़े एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार से दौड़ रही एक लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार ने सडक़ किनारे मौजूद लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सुबह 5:30 बजे लोटस जेट्टी के पास बेकाबू हुई रफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लोटस जेट्टी के समीप हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की दिशा में बेहद तेज गति से जा रही थी। जैसे ही गाड़ी लोटस जेट्टी के पास पहुंची, चालक अचानक स्टेयरिंग पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सीधे सडक़ किनारे खड़े लोगों को चीरती हुई आगे निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां मौजूद लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
तीन युवकों ने अस्पताल में तोड़ा दम, एक गंभीर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की मदद से पुलिस ने चारों पीडि़तों को आनन-फानन में नजदीकी नायर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे घायल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। मृतकों में से दो की पहचान 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो पीडि़तों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपी चालक गिरफ्तार, अल्कोहल टेस्ट की तैयारी
मुंबई पुलिस ने मौके पर ही आरोपी बीएमडब्ल्यू चालक को हिरासत में ले लिया और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या चालक शराब या किसी अन्य नशे के प्रभाव में गाड़ी चला रहा था। इसके लिए चालक का मेडिकल और ब्लड-अल्कोहल टेस्ट कराया जा रहा है, साथ ही कोस्टल रोड पर लगे हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Previous articleहवा में बिगड़ी यात्री की तबीयत, बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
Next articleमाता-पिता के साथ 20 साल की बेटी की भी मौत, अजमेर की घटना से दहला इलाका