कर्नाटक के विजयपुरा जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिले के चडाचन पुलिस थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत 6 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। मृतकों की पहचान दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले (65), शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले (55), राहुल शिवपुत्र निराले (25), समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई है। वहीं, अरविंद कटागे (72) और जेसीबी ऑपरेटर संदीप माने (33) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का विजयपुरा शहर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबर्गी ने बताया कि घटना के पीछे 25 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, निराले परिवार ने हाल ही में नीवरगी के तेली परिवार से यह जमीन खरीदी थी। यह भूमि पिछले लगभग 15 वर्षों से विवादों में घिरी हुई थी, जिसके कारण तेली परिवार उस पर खेती नहीं कर पा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि भूमि विवाद का संबंध वर्ष 2015 में हुए एक हत्या मामले से हो सकता है। उस समय शिवानंद पाटिल नामक युवक की हत्या हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, जब निराले परिवार के सदस्य हाल ही में खरीदी गई जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तभी उन पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने हंसिया और अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। हमला इतना घातक था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने गोलीबारी की आशंका भी जताई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि अब तक शवों पर गोली लगने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारण और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।








