चंडीगढ़ ,17 सितंबर ,(आरएनएस)। पंजाबी गायक और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने एयर कनाडा की फ्लाइट में अपने साथ हुए अनुभव को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि उन्होंने बिजनेस क्लास की सीट के लिए भुगतान किया था, लेकिन उन्हें इकोनॉमी क्लास में सीट दे दी गई।
गिप्पी ग्रेवाल के मुताबिक, उन्होंने जब एयरलाइन के स्टाफ से इस बारे में सवाल किया तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि स्टाफ की ओर से उन्हें बताया गया कि ऐसा हो गया है और अब इसमें कुछ नहीं किया जा सकता।
गिप्पी ने दावा किया कि उन्हें फ्लाइट लेने या उसे छोडऩे की बात कही गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने लगातार इस मामले को लेकर सवाल किए तो उनकी समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें विमान से उतारने की बात कही गई। हालांकि, ये सभी आरोप गिप्पी ग्रेवाल की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए दावे पर आधारित हैं।
गिप्पी ग्रेवाल ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि वह एयरलाइन से किसी अतिरिक्त सुविधा की मांग नहीं कर रहे थे। उनका कहना था कि उन्होंने जिस बिजनेस क्लास सीट के लिए भुगतान किया है, उन्हें वही सीट मिलनी चाहिए थी। साथ ही वह यह जानना चाहते थे कि आखिर उनकी सीट इकोनॉमी क्लास में क्यों बदल दी गई।
गिप्पी के अनुसार, पूरे घटनाक्रम के दौरान उनसे साधारण तौर पर माफी तक नहीं मांगी गई। उन्होंने एयरलाइन के रवैये पर निराशा जताते हुए इसे अपना बेहद खराब अनुभव बताया।
एयर कनाडा ने मांगी माफी, बुकिंग की जानकारी भेजने को कहा
गिप्पी की पोस्ट सामने आने के बाद एयर कनाडा ने एक्स पर जवाब दिया। एयरलाइन ने घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी। साथ ही गिप्पी से कहा कि वह अपना बुकिंग रेफरेंस और टिकट पर दर्ज पूरा नाम या नामों की जानकारी निजी संदेश (डीएम) के जरिए भेजें, ताकि मामले की जांच की जा सके।
हालांकि, एयर कनाडा के जवाब में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि गिप्पी ग्रेवाल को बिजनेस क्लास से इकोनॉमी क्लास में क्यों बैठाया गया और सीट बदलने की स्थिति किस वजह से बनी। फिलहाल एयरलाइन की ओर से मामले की जांच के लिए बुकिंग संबंधी जानकारी मांगी गई है।








