ई 20 पेट्रोल के खिलाफ जंतर-मंतर पर होगा बड़ा प्रदर्शन, तहसीन पूनावाला ने किया भूख हड़ताल का ऐलान

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। देश में ई20 पेट्रोल को लेकर चल रही बहस अब सडक़ों पर भी तेज होती नजर आ रही है। ई20 के खिलाफ आवाज उठा रहे तहसीन पूनावाला ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, टीम भारत की ओर से 22 और 23 अगस्त को जंतर-मंतर पर ‘जनता दरबार’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। पूनावाला के अनुसार, 22 अगस्त को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू होगा, जो आगे भी जारी रहेगा। इसके बाद 23 अगस्त को सुबह 11 बजे से प्रदर्शन के साथ भूख हड़ताल की जाएगी। उन्होंने दावा किया है कि दोनों दिन 5,000 से अधिक लोग प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं और प्रदर्शनकारियों की संख्या 10,000 तक पहुंचने की संभावना है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में ई10 पेट्रोल को लेकर स्पष्ट व्यवस्था करना शामिल है। पूनावाला का कहना है कि पुराने ऐसे वाहनों, जिन्हें ई20 ईंधन के अनुरूप तैयार नहीं किया गया है, उनके लिए ई10 पेट्रोल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उनका दावा है कि पुराने वाहनों में ई20 के इस्तेमाल से माइलेज में कमी आने के साथ-साथ कुछ वाहन कंपोनेंट पर भी असर पड़ सकता है।पूनावाला ने ई0 पेट्रोल की कीमत कम करने की भी मांग की है। इसके अलावा ई20 से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी सार्वजनिक करने की मांग उठाई गई है। उनका कहना है कि ईंधन नीति से जुड़े दस्तावेज आम लोगों के सामने आने चाहिए, ताकि ई20 को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
ई20 विरोधी प्रदर्शन की प्रमुख मांगों में केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पद से हटाने की मांग भी शामिल है। पूनावाला की ओर से जारी मांगों में इसे स्पष्ट तौर पर शामिल किया गया है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में ‘चॉइस नहीं तो वोट नहीं’ का नारा भी दिया है। इससे संकेत मिलता है कि ई20 को लेकर लोगों को विकल्प नहीं मिलने की स्थिति में इसे चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश की जा सकती है।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleरक्षा मंत्रालय ने छठी स्वदेशीकरण सूची में 405 वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध लगाया