वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर सांसदों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली

Join Us

उपराष्ट्रपति ने भारत मंडपम से बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी, कहा—‘हर घर तिरंगा’ अभियान बना जन आंदोलन
नई दिल्ली, ,12 अगस्त ,(आरएनएस)। उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से सांसदों और अन्य जन प्रतिनिधियों की ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय गौरव, एकता और नागरिक भागीदारी की भावना को मजबूत करना था। रैली भारत मंडपम से मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम तक गई।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ ने मातृभूमि के प्रति प्रेम को राष्ट्रीय कर्तव्य में बदल दिया और यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम की भावना की सशक्त अभिव्यक्ति बन गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत के अमर शब्दों ने देश के अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को साहस, बलिदान और आशा से प्रेरित किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
उपराष्ट्रपति ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की अपनी हालिया यात्रा का उल्लेख करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप और ऐतिहासिक सेलुलर जेल के अपने दौरे को भावपूर्ण अनुभव बताया। उन्होंने 1943 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा वहां तिरंगा फहराए जाने और सेलुलर जेल में बंद स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
श्री राधाकृष्णन ने स्वतंत्रता संग्राम में ‘वंदे मातरम’ के राष्ट्रव्यापी प्रभाव को रेखांकित करते हुए तमिलनाडु के स्वतंत्रता सेनानियों और नेताओं के योगदान को भी याद किया। उन्होंने राष्ट्रीय कवि सुब्रमण्यम भारती के साथ वी. ओ. चिदंबरम पिल्लई, सुब्रमण्यम शिव, तिरुप्पुर कुमारन और वंचिनाथन के योगदान एवं बलिदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन स्वतंत्रता सेनानियों ने ‘वंदे मातरम’ की भावना और उसके संदेश को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
‘हर घर तिरंगा’ बना जन आंदोलन
उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। देशभर में नागरिक तिरंगा यात्राओं, बाइक और साइकिल रैलियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अभियान में भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी मातृभूमि की भावना, राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक है। उपराष्ट्रपति ने सांसदों और अन्य जन प्रतिनिधियों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने तथा नागरिकों को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री और जन प्रतिनिधि हुए शामिल
बाइक रैली में केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, श्री राजीव रंजन सिंह, श्री वीरेंद्र कुमार, श्री जी. किशन रेड्डी, श्री किरेन रिजिजू और श्री जितेंद्र सिंह सहित संसद सदस्यों तथा अन्य जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रभक्ति, एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Previous articleटाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने दिया इस्तीफा, 18 अगस्त की एजीएम से पहले बड़ा फैसला
Next articleमानसून सत्र के अंतिम दिन से पहले संसद में गतिरोध बरकरार