ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिया स्पष्ट संदेश, नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत किसी भी हद तक जा सकता है : राजनाथ सिंह

Join Us

रक्षा मंत्री ने दिल्ली कैंट के बेस अस्पताल में ‘सिंदूर महा-रक्तदान यात्रा’ के तहत रक्तदान शिविर का किया उद्घाटन
नई दिल्ली,(आरएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारतीय रक्षा बलों के अद्वितीय साहस और शौर्य को पूरी दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है। इस अभियान ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा और महिलाओं के सिंदूर की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
रक्षा मंत्री रविवार को दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल में ‘सिंदूर महा-रक्तदान यात्रा’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों और उनके आकाओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने तथा भारत पर बुरी नजर डालने का दुस्साहस करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने पर मजबूर करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की।
साहस के बाद करुणा और सेवा का संदेश
राजनाथ सिंह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘सिंदूर महा-रक्तदान यात्रा’ के बीच समानता बताते हुए कहा कि जहां ऑपरेशन सिंदूर भारत के साहस और शौर्य का प्रतीक बना, वहीं विशाल रक्तदान शिविर करुणा, सेवा और मानवीय संवेदना का परिचायक है।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के करीब 1,000 पहलवानों और खिलाडिय़ों ने रक्तदान अभियान में भाग लेकर रक्षा बलों के प्रति निस्वार्थ सेवा, सम्मान और एकजुटता की भावना का परिचय दिया। उन्होंने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज किया गया रक्तदान भविष्य में जरूरतमंद सैनिकों और उनके परिवारों के लिए एक भरोसेमंद रक्त भंडार के रूप में उपयोगी साबित होगा।रक्षा मंत्री ने रक्तदान को ‘जीवनदान’ और ‘महादान’ बताते हुए कहा कि विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति के बावजूद मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प अभी तक विकसित नहीं किया जा सका है।
रक्त केवल मानव शरीर में ही बनता है और एक व्यक्ति ही दूसरे व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान कर सकता है।उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल मानवीय सेवा नहीं, बल्कि दान-पुण्य के सबसे श्रेष्ठ कार्यों में से एक है। प्रत्येक रक्तदाता और रक्त प्राप्तकर्ता अपने-अपने तरीके से राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।राजनाथ सिंह ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को अपनी जीवनशैली और सामाजिक संस्कार का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि जब देश वर्ष 2047 में स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब हमारा लक्ष्य केवल विकसित अर्थव्यवस्था का निर्माण करना नहीं होना चाहिए, बल्कि एक ऐसे संवेदनशील और मानवीय समाज का निर्माण भी होना चाहिए, जहां प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ और सुरक्षित हो तथा आवश्यकता पडऩे पर रक्त जैसे जीवनरक्षक संसाधन आसानी से उपलब्ध हों।
फिटनेस को प्राथमिकता देने का आह्वान
रक्षा मंत्री ने युवाओं से फिटनेस को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और फिट व्यक्ति समाज के लिए अधिक उपयोगी होने के साथ-साथ रक्तदान जैसे नेक कार्यों में योगदान देने के लिए भी बेहतर रूप से तैयार रहता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को फिटनेस को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है।
शिवाजी महाराज की विरासत से प्रेरणा लेने का संदेश
राजनाथ सिंह ने महाराष्ट्र की वीरता और करुणा की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत आज भी पीढिय़ों को प्रेरित करती है। शारीरिक शक्ति का वास्तविक उद्देश्य केवल सामर्थ्य का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि दूसरों की रक्षा और राष्ट्र की सुरक्षा करना है।
उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि महाराष्ट्र के खिलाडिय़ों और पहलवानों द्वारा किया गया यह योगदान राष्ट्र की एक नेक सेवा के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।
सशस्त्र बलों के अस्पतालों में रक्त भंडार महत्वपूर्ण
सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के लिए पर्याप्त रक्त भंडार बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। सैन्य अस्पताल नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शल्य चिकित्सा, दुर्घटना से उत्पन्न गंभीर चोटों और आपातकालीन परिस्थितियों में भी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते हैं।
रक्तदान शिविर में करीब 500 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने भाग लिया। उनकी भागीदारी ने ‘स्वयं से पहले सेवा’ की भावना को एक बार फिर प्रदर्शित किया। यह अभियान इस बात का भी संदेश देता है कि प्रत्येक स्वस्थ और योग्य नागरिक नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से बहुमूल्य जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रताप राव जाधव, महाराष्ट्र सरकार के उद्योग मंत्री उदय रवींद्र सामंत, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ, महानिदेशक सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल वी.पी.एस. कौशिक तथा बेस अस्पताल, दिल्ली कैंट के कमांडेंट मेजर जनरल विशाल चौधरी सहित अनेक वरिष्ठ सैन्य एवं नागरिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleहिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की आशंका, कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा