नईदिल्ली (आरएनएस)। इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सडक़ पर उतर गए हैं। उन्होंने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च किया। केजरीवाल पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह समेत अन्य नेताओं के साथ 7 लोक कल्याण मार्ग कूच कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद वे फिरोज शाह रोड पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात की गई थी।
केजरीवाल अपने पार्टी के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ई20 के खिलाफ 23 लाख से अधिक लोगों की हस्ताक्षरित याचिकाएं सौंपने जा रहे थे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा, हम आतंकवादी नहीं हैं, हम ई20 पेट्रोल मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्हें अमेरिका से इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए और देश पर ई20 थोपना बंद करना चाहिए।
केजरीवाल ने देशभर में ई20 को लेकर दिख रहे गुस्से को आगे बढ़ाते हुए इसके खिलाफ अभियान शुरू किया है।
पिछले दिनों उन्होंने दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में इथेनॉल टाउन हॉल का आयोजन किया था, जिसमें देशभर से लोग जुड़े थे।इस दौरान ई20 के खिलाफ उनके हस्ताक्षर अभियान में 23 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था।केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उनसे मिलने की अनुमति भी मांगी थी।








