अनुराग जैन को नीति आयोग के सीईओ की जिम्मेदारी

Join Us

भोपाल (निप्र)। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने नई जिम्मेदारी सौंपते हुए नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। इस फैसले के साथ ही उनके मुख्य सचिव के रूप में दूसरी बार सेवा विस्तार मिलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लग गया है।केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने बुधवार को जारी आदेश में 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अनुराग जैन की नियुक्ति को मंजूरी दी। आदेश के अनुसार, वे पदभार ग्रहण करने के साथ ही नीति आयोग के सीईओ के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल स्वीकृत सेवा-विस्तार अवधि तक रहेगा तथा आवश्यकता होने पर अधिकतम दो वर्ष या अगले आदेश तक जारी रह सकेगा।अनुराग जैन का मूल सेवानिवृत्ति वर्ष 2025 था, लेकिन केंद्र सरकार ने उन्हें सेवानिवृत्ति से पहले एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया था। इसी कारण उनका वर्तमान कार्यकाल 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित है।बीते कुछ समय से यह संभावना जताई जा रही थी कि उन्हें मुख्य सचिव के रूप में पुन: सेवा विस्तार मिल सकता है। हालांकि अब नीति आयोग में नई नियुक्ति के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य को जल्द नया मुख्य सचिव मिलेगा।अनुराग जैन ने अक्टूबर 2024 में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव का पद संभाला था। इससे पहले वे केंद्र सरकार में सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव तथा प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में संयुक्त सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।उनके कार्यकाल में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्था में बेहतर समन्वय तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच तालमेल को विशेष उपलब्धियों के रूप में देखा गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उनकी कई महत्वपूर्ण बैठकों ने भी प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक भूमिका निभाई। ग्वालियर निवासी अनुराग जैन ने आईआईटी खडग़पुर से बीटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका के मैक्सवेल स्कूल से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री हासिल की। अपने प्रशासनिक करियर में वे भोपाल कलेक्टर, अपर मुख्य सचिव (वित्त) और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सचिव जैसे अहम दायित्व भी निभा चुके हैं।

Previous articleभोपाल- समेत 43 जिलों में होगी बारिश, अगले 5 दिन के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
Next articleसरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, सरकार ने भत्ते में किया बंपर इजाफा; एक झटके में हजारों रुपये बढ़ गई सैलरी