भोपाल- समेत 43 जिलों में होगी बारिश, अगले 5 दिन के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

Join Us

भोपाल (निप्र)। सावन महीने के पहले प्रदेश में वर्षा की झड़ी लग गई। बीते दो दिन से रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी है। बुधवार को भोपाल समेत पूरे प्रदेश में कहीं रिमझिम तो कहीं जोरदार वर्षा हुई। दरअसल, मानसूनी द्रोणिका गुना और दमोह के पास से होकर गुजर रही है, वहीं उत्तर-मध्य हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। इन दो मजबूत मौसम प्रणालियों के कारण पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन वर्षा का यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में इस सप्ताह अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। अगले पांच दिन तक कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अचानक तेज व भारी वर्षा हो सकती है। लगातार हो रही वर्षा और बादलों के जमावड़े के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। इसके साथ ही रात का तापमान भी सामान्य या उससे कम बना हुआ है। बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक 133 मिलीमीटर यानी लगभग पांच इंच से ज्यादा वर्षा सीहोर जिले के अहमदपुर में हुई।
सिवनी में यह 119 मिलीमीटर (करीब साढ़े चार इंच से अधिक), राजगढ़ में 39 मिलीमीटर, सीधी में 29 मिलीमीटर और दमोह में 26 मिलीमीटर दर्ज की गई है।

Previous article‘पुलिसवालों ने मेरे कान में कहा सरकार को हटाइए’, राहुल बोले- 152 पेपर लीक, मगर सजा किसी को नहीं
Next articleअनुराग जैन को नीति आयोग के सीईओ की जिम्मेदारी