सडक़ की बदहाल स्थिति से परेशान कॉलोनीवासी

Join Us

 करोड़ों की योजनाओं के दावे करने वाला प्रशासन एक कॉलोनी की सडक़ तक नहीं कर पा रहा दुरुस्त
समय रहते नहीं हुई मरम्मत तो बदहाल सडक़ किसी बड़ी दुर्घटना की बन सकती है वजह
भोपाल (संदीप पंडा)। राजधानी के नीलबड़ स्थित शिव विहार कॉलोनी की सडक़ इन दिनों बदहाल व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही की जीती-जागती तस्वीर बन गई है। सीवेज पाइपलाइन बिछाने के लिए सडक़ खोदी गई, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उसकी समुचित मरम्मत नहीं की गई। बरसात शुरू होते ही सडक़ पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ में बदल गई है। हालत यह है कि दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं, जबकि चार पहिया वाहन भी सडक़ पर नियंत्रण खो रहे हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यह सडक़ पहले भी खराब थी, लेकिन सीवेज लाइन डालने के बाद स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। पहली ही बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खोल दी। सडक़ पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। अभिभावक बच्चों को स्कूल छोडऩे और लाने के दौरान हर दिन दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं। बारिश के दौरान सडक़ और गड्ढों में फर्क करना मुश्किल हो जाता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। रहवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सडक़ की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ी दुर्घटना होना तय है। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी गंभीर हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई करेगा? रहवासियों की मांग है कि सडक़ की तत्काल मरम्मत कर उसे आवागमन योग्य बनाया जाए, सीवेज कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषी एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा बरसात के दौरान दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।
मुख्य समस्या:-
सीवेज पाइपलाइन डालने के बाद सडक़ की मरम्मत नहीं।
बारिश में सडक़ दलदल और गड्ढों में तब्दील।
दोपहिया व चारपहिया दोनों के लिए खतरनाक मार्ग।
सबसे ज्यादा प्रभावित:-
स्कूली बच्चे
अभिभावक
बुजुर्ग
महिलाएं
मरीज एवं एम्बुलेंस
स्थानीय लोगों की मांग:-
तत्काल सडक़ का पुनर्निर्माण।
सीवेज कार्य की गुणवत्ता की जांच।
दोषी एजेंसी पर कार्रवाई।
बरसात में अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था।

Previous articleआस्था के मार्ग पर अव्यवस्था का बोझ: माता वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं को कई चुनौतियों का सामना