पुणे हत्याकांड: आरोपी चेतन के दोस्त को थी साजिश की जानकारी, हिरासत में लिया गया

Join Us

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने आरोपी चेतन चौधरी के एक दोस्त और सहपाठी को हिरासत में लिया है। दावा किया जा रहा है कि इस दोस्त को हत्या की साजिश के बारे में पहले से पता था। इस दोस्त की पहचान सामने नहीं आई है, लेकिन दावा है कि केतन की हत्या के बाद ये सिया और चेतन दोनों से भी मिला था।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे ग्रामीण पुलिस ने चेतन के एक दोस्त को बीड से हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि इसे केतन की हत्या की कथित साजिश की जानकारी अपराध होने से काफी पहले से थी। पुलिस अब दोनों आरोपियों के साथ उसकी बातचीत, क्या उसे साजिश की पूर्व जानकारी थी और क्या अपराध के बाद कोई सबूत साझा किए गए या उन पर चर्चा हुई, इसकी जांच कर रही है।
एक अन्य रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि दोनों आरोपियों ने वारदात से पहले टीवी सीरियल क्राइम पेट्रोल के कई एपिसोड देखे थे, ताकि समझा जा सके कि हत्या के बाद जांच कैसे होती है और पुलिस को कैसे चकमा दिया जा सकता है। जांचकर्ताओं का मानना है कि साजिश कई हफ्तों तक रची गई थी, जिसमें कई असफल प्रयास और हत्या से कुछ दिन पहले की गई प्रेक्टिस भी शामिल थी।
पुलिस गुरुवार को सिया को उसके घर लेकर गई। यहां से घटना के दिन पहने गए कपड़े और कई डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं। पुलिस सिया को लेकर पुणे के लुल्लानगर इलाके में भी लेकर गई। यहां एक पहाड़ी पर सिया और चेतन ने केतन को गिराने की रिहर्सल की थी। पुलिस ने इस जगह पर पंचनामा बनाया। इस दौरान पहाड़ी से उतरते हुए सिया ने मीडिया की ओर आपत्तिजनक इशारे किए।
18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से गिरकर 25 साल के केतन की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सामान्य हादसा माना गया, लेकिन परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी में हुडी पहना एक शख्स दिखा, जो कथित तौर पर केतन की मंगेतर सिया का प्रेमी चेतन था। इसके बाद पुलिस ने सिया और चेतन को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

Previous articleदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश ने मचाई तबाही, कई राज्यों के लिए आईएमडी ने जारी किया अलर्ट
Next articleअम्मा’ में सत्ता को लेकर बड़ा विवाद, नई एडहॉक कमेटी को लेकर श्वेता मेनन ने उठाए सवाल