अमेरिकी नौसेना का एक एमएच-60एस सी हॉक हेलीकॉप्टर बुधवार को अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में सवार एक पायलट लापता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश विमानवाहक पोत पर तैनात सी हॉक हेलीकॉप्टर ने सुबह लगभग 3:30 बजे आपातकालीन जल लैंडिंग की थी, जिसके बाद से पायलट लापता है। हेलीकॉप्टर में सवार 3 चालक दल के सदस्य सुरक्षित पाए गए हैं और उनकी हालत स्थिर है, जबकि एक की जानकारी नहीं है।
अमेरिकी 5वें बेड़े ने बताया कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि यह आपात स्थिति शत्रुतापूर्ण कार्रवाई के कारण उत्पन्न हुई थी। फिलहाल, घटना के कारणों की जांच चल रही है। अमेरिका नौसेना वायु प्रणाली कमांड के अनुसार, एमएच-60एस सी हॉक सतह-रोधी युद्ध, युद्ध सहायता, मानवीय आपदा राहत और युद्धकालीन खोज एवं बचाव कार्य में शामिल है। यह घटना ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के कुछ हफ्तों बाद घटी है।
यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश उन 2 विमानवाहक पोतों में से एक है जो ईरान युद्ध के मद्देनजर अरब सागर क्षेत्र में परिचालन करना जारी रखे हुए है। यहां अमेरिकी सेनाएं मौजूद हैं। बता दें, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ, जब अमेरिका और इजऱाइल ने मध्य पूर्वी देश में संयुक्त बमबारी अभियान चलाया था। फरवरी से अभी तक अमेरिका ने युद्ध में अपने 63 से अधिक ड्रोन, हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान और 13 सैनिक खोए हैं।








