महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 के 27वें मैच में आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराते हुए पहली जीत दर्ज की। ब्रिस्टल में खेले गए मैच में कैरेबियाई टीम ने पहले खेलते हुए 7 विकेट खोकर 128 रन बनाए। जवाब में आयरिश टीम ने ओर्ला प्रेंडरगास्ट के अर्धशतक (63) की मदद से लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
वेस्टइंडीज को कियाना जोसेफ (4) और शेमेन कैंपबेल (8) के रूप में शुरुआती झटके लगे। इसके बाद हैली मैथ्यूज (22), डियांड्रा डॉटिन (21) और चिनेल हेनरी (27*) ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। जवाब में कप्तान गैबी लुईस (9) के विकेट के पतन के बाद एमी हंटर (28) और प्रेंडरगास्ट ने पारी को संभाला। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने निराश किया और आयरलैंड ने आसान जीत दर्ज की।
नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आई प्रेंडरगास्ट ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। वह 44 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुई। अपनी इस पारी के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 2,000 रन पूरे किए। वह आयरलैंड की ओर से आंकड़े को छूने वाली सिर्फ दूसरी बल्लेबाज बनी। आयरलैंड में उनसे ज्यादा रन सिर्फ गैबी लुईस (3,185) ने बनाए हैं।
वेस्टइंडीज की कप्तान मैथ्यूज ने अपने 4 ओवर में 25 रन देते हुए 1 विकेट लिया। इस बीच उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में विकेटों के मामले में दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल (128) को पीछे छोड़ा। इस्माइल के अब 126 मैचों में 18.94 की औसत के साथ 129 विकेट हो गए हैं। वह वेस्टइंडीज की ओर से इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज है।
आयरलैंड की टीम ने टी-20 विश्व कप में पहली बार कोई मैच जीता है। इस संस्करण में आयरिश टीम को अपने शुरुआती 4 मैचों में शिकस्त मिली थी। आयरलैंड ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 20 मैच हारे हैं।








