पश्चिम बंगाल के मालदा में नाव पर आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत, 15 घायल

Join Us

मुर्शिदाबाद/मालदा,(आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के मालदा में गंगा नदी पर चल रही एक यात्री नाव पर जबरदस्त आसमानी बिजली गिरी. इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है. यह घटना मंगलवार दोपहर मालदा के परलालपुर फेरी घाट पर हुई.यह दुखद घटना मुर्शिदाबाद के धूलियन गंगा घाट से मालदा के परलालपुर घाट जा रही एक यात्री नाव के साथ हुई. 25 से 30 यात्रियों को लेकर नाव गंगा पार करके परलालपुर घाट पहुँच गई थी लेकिन, यात्रियों के उतरने के कुछ ही देर बाद आसमान में अचानक काले बादल छा गए और बिजली कडक़ने के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई।

तभी यह भयानक हादसा हुआ.
यह घटना मालदा के वैष्णबनगर पुलिस स्टेशन इलाके के अंतर्गत परलालपुर में शिबपुर घाट पर हुई. पुलिस ने बताया कि यह समूह मुर्शिदाबाद के धूलियन से नाव से परलालपुर लौट रहा था. जैसे ही नाव किनारे के पास पहुँची, बारिश और बिजली कडक़ने लगी. नाव पर सवार यात्रियों पर बिजली गिरी. मुर्शिदाबाद के धूलियन में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी लोगों का इलाज चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली कडक़ने की जोरदार आवाज के तुरंत बाद, कई यात्री जमीन पर गिर पड़े. चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कम से कम 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बिजली की चपेट में आए लोगों की चीखों से फेरी घाट इलाके में तुरंत अफरा-तफरी मच गई. रिश्तेदारों के रोने-बिलखने, लोगों की भाग-दौड़ और मदद के लिए पुकारने की आवाज़ों से माहौल गमगीन हो गया.
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मिली-जुली कोशिशों से तुरंत बचाव कार्य शुरू किए गए. कुछ घायलों को मालदा के अस्पताल ले जाया गया, जबकि ज़्यादातर लोगों को शमशेरगंज के अनूपनगर ब्लॉक अस्पताल में भर्ती कराया गया. जिन लोगों की हालत बिगड़ी, उन्हें बाद में जंगीपुर सब-डिविजनल अस्पताल भेज दिया गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान असदुल्ला शेख, अंसार शेख, एकरामुल शेख और कोची शेख के तौर पर हुई है. ये सभी मालदा के वैष्णवनगर पुलिस स्टेशन इलाके के परलालपुर के रहने वाले थे.
००

Previous articleकोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से कई मजदूर दबे, पांच की मौत
Next articleहवा में अचानक कैसे बंद हुआ एयर इंडिया विमान का इंजन? 260 लोगों की मौत के राज से उठेगा पर्दा; अमेरिका से आई अहम रिपोर्ट