ईरान ने प्रधानमंत्री मोदी को अयातुल्लाह अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में बुलाया

Join Us

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अपने दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक न्यौता दिया है। यह कार्यक्रम 4 से 9 जुलाई तक ईरान और इराक में आयोजित होगा, जिसमें वैश्विक प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की उम्मीद है। ईरान ने अफगानिस्तान में तालिबानी प्रधानमंत्री मुल्ला मोहम्मद हसन अखुंद को भी बुलाया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभी भारत ने न्यौते पर कोई जानकारी नहीं दी है।
अमेरिका-इजरायल के साथ युद्धविराम के बाद यह ईरान का पहला औपचारिक कार्यक्रम है। संघर्ष के कारण अली खामेनेई का औपचारिक अंतिम संस्कार लंबित था। यह 4 जुलाई को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन से शुरू होगा। तेहरान और कोम में सार्वजनिक जुलूस निकलेगा और इराक के पवित्र शहरों नजफ-कर्बला में प्रार्थनाएं होंगी। इसके बाद 9 जुलाई को खामेनेई के गृहनगर मशहद में इमाम रजा दरगाह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।
अमेरिका-इजरायल के हमले में अली खामेनेई की 28 फरवरी को मौत हुई थी। उनकी मौत पर प्रधानमंत्री मोदी ने कोई शोक संदेश जारी नहीं किया, जिस पर काफी सवाल उठे। बाद में विदेश सचिव विक्रम मिसली ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में भारत सरकार की ओर से शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए थे। बता दें, मई 2024 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में ईरान के तत्कालीन राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी के निधन के बाद, दिल्ली ने राष्ट्रीय शोक घोषित किया था।

Previous articleट्रंप को सीनेट से झटका, ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को समाप्त करने का प्रस्ताव पारित
Next articleइजराइल को हथियारों के लिए अमेरिका पर निर्भरता से खुद को आजाद करना चाहिए: नेतन्याहू