पंजाब के बठिंडा में बीजेपी नेता के क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला

Join Us

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आज बठिंडा पहुँचने से पहले एक बड़ी घटना हुई. बठिंडा के मेला राम करोड़ इलाके में स्थित डॉ. तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर मोटरसाइकिल सवारों ने पेट्रोल बम से हमला किया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की बड़ी टीम मौके पर पहुँच गई. बठिंडा के एसएसपी ने खुद इस घटना का संज्ञान लिया.
इस घटना पर डॉ. तरसेम गर्ग ने कहा, मेरा घर पीछे है और यह मेरा ऑफिस (क्लिनिक) है, जहाँ पेट्रोल बम फेंका गया. यहाँ मेरा ड्राइवर और अकाउंटेंट सो रहे थे, जिन्होंने मुझे फोन पर इसकी जानकारी दी. हमने पुलिस को सूचना दी. एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी खुद मौके पर पहुँचे और मामले की बारीकी से जाँच कर रहे हैं.
अंदर खड़ी स्कूटर को कुछ नुकसान पहुँचा है और गमले भी जल गए. कोई जनहानि नहीं हुई है. पुलिस हमेशा अलर्ट रहती है. हमें कभी ऐसा नहीं लगा कि पुलिस सक्रिय नहीं थी, पुलिस अपना काम कर रही थी.
एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सीआईए स्टाफ, फ़ोरेंसिक टीम और दूसरे अधिकारियों समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुँच गई. उन्होंने कहा, डॉ. तरसेम गर्ग के क्लिनिक पर पेट्रोल बम से हमला किया गया. हमले के दौरान पेट्रोल बम क्लिनिक के बाहर रखे गमलों पर गिरे, जिससे नुकसान हुआ. सीसीटीवी में दिखा कि दो युवक मोटरसाइकिल पर आए बोतल में आग लगाई और उसे अंदर फेंक दिया. उन्होंने कहा, पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाई हैं और इस घटना के लिए जि़म्मेदार लोगों की तलाश कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि डॉ. तरसेम गर्ग को आम आदमी पार्टी ने पंजाब व्यापार आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया था. पिछले महीने बठिंडा में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान, डॉ. तरसेम गर्ग ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी और उनकी पत्नी ने बीजेपी के चुनाव चिह्न पर नगर परिषद का चुनाव लड़ा.

Previous articleदक्षिण-पश्चिम मॉनसून के जोर पकडऩे के साथ ही महाराष्ट्र में हुई झमाझम बारिश
Next articleश्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना हुआ साकार, बंगाल में बनी हमारी सरकार: रेखा गुप्ता