तिरुवल्लूर में झींगा प्रोसेस करने वाली एक प्राइवेट फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है. सेंट पीटर एंड पॉल सीफूड एक्सपोर्ट्स, तिरुवल्लूर जिले में पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में एक प्लांट चलाती है. रविवार, 21 जून को फैक्ट्री में कूलिंग पाइप से अचानक अमोनिया गैस लीक हो गई.
वहां मौजूद लगभग 80 लोग इससे प्रभावित हुए. गैस लीक होने के कुछ ही मिनटों के अंदर, कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वे एक-एक करके बेहोश होकर गिरने लगे. उन्हें एम्बुलेंस से बचाया गया और इलाज के लिए चेन्नई और तिरुवल्लूर के सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया. जिला प्रशासन, पुलिस, फायर और रेस्क्यू सर्विस और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर तेजी से बचाव और राहत कार्य किए.
इस घटना में कुल 77 लोग प्रभावित हुए जिनमें असम के 20, ओडिशा के 29, झारखंड के 8 और तमिलनाडु के 5 लोग शामिल थे. वेल्स अस्पताल में भर्ती 33 लोगों में से दो को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन की मौत हो गई. वहीं 28 लोगों का इलाज चल रहा है.
तिरुवल्लूर वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती 19 मरीजों में से एक की मौत हो गई, जबकि 18 का इलाज चल रहा है. चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में भर्ती 13 मरीजों में से दो की मौत हो गई और 11 का इलाज चल रहा है. सरकारी स्टेनली अस्पताल में भर्ती 12 मरीजों में से दो की मौत हो गई, जबकि 10 का इलाज चल रहा है. कुल मिलाकर इस घटना में नौ लोगों की जान चली गई है और दो लोग घर लौट चुके हैं. 67 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है.








