तेलंगाना के नालगोंडा में घर में कई दिन से बंद पति-पत्नी और 2 बच्चों का शव मिला

Join Us

तेलंगाना के नालगोंडा जिले में एक घर के अंदर परिवार के 4 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। इनमें पति-पत्नी और उनके 2 बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई, जब सोमवार को आसपास के लोगों को घर से भीषण दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने नालगोंडा वन टाउन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर 4 लोगों के शव बुरी अवस्था में पड़े थे। शव में कीड़े लग चुके थे।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद सुल्तान (45), उनकी पत्नी हसीना (41), बेटे मुजम्मिल (20) और बेटी अभकारहा (14) के रूप में हुई है। चारों सागर रोड स्थित तेलंगाना कॉलोनी में रहते थे। पुलिस ने बताया कि शवों को देखकर लग रहा है कि इनकी मौत 4 से 5 दिन पहले हुई होगी। अभी तक हत्या और आत्महत्या को लेकर कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सुल्तान प्रकाश बाजार में बैग की दुकान चलाते थे। हसीना एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। मुजम्मिल एयर कंडीशनिंग का मैकेनिक था और अभकारहा कक्षा 10 की छात्रा थीं। रिश्तेदारों का कहना है कि दंपति अक्सर झगड़ते थे। मुजम्मिल और अभकारहा सुल्तान की पहली पत्नी के बच्चे थे। हसीना सुल्तान की दूसरी पत्नी थी। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि परिवार का एक और सदस्य था, जो गायब है।

Previous articleलखनऊ अग्निकांड: इमारत और एनिमेशन सेंटर के मालिक समेत 4 गिरफ्तार, 4 अधिकारी भी निलंबित
Next articleलखनऊ अग्निकांड: व्यावसायिक इमारत के मालिक का आपराधिक इतिहास, पेपर लीक से जुड़ा है नाम