कांग्रेस का बड़ा अभियान: शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सडक़ों पर उतरेगी पार्टी

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देश के छात्रों और नौकरी तलाश रहे युवाओं के हक में एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने युवाओं के अधिकारों के लिए छात्रों की गूंज नामक एक राष्ट्रव्यापी अभियान का शंखनाद किया है। राहुल गांधी ने देश भर के युवाओं से इस मुहिम का हिस्सा बनने की पुरजोर अपील करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और बेरोजगारी जैसी गंभीर चिंताओं को सीधे सरकार के कानों तक पहुंचाना है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस मुहिम की घोषणा करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि यदि किसी भी छात्र ने पेपर लीक, परीक्षाओं में नकल या फिर बेतहाशा फीस का दर्द झेला है, तो यह अभियान सीधे तौर पर उन्हीं के लिए है। उन्होंने मौजूदा सिस्टम पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज की व्यवस्था ने अनगिनत युवाओं के सुनहरे सपनों को चकनाचूर कर दिया है। लाखों परिवारों ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए अपनी जीवनभर की गाढ़ी कमाई दांव पर लगा दी, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ निराशा हाथ लगी। राहुल गांधी ने साफ किया कि छात्रों की गूंज महज एक अभियान नहीं, बल्कि एक ऐसा मजबूत मंच है जो सस्ती शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने युवाओं से इस याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील की, ताकि जितने ज्यादा नाम जुड़ेंगे, छात्रों की आवाज उतनी ही ताकतवर होगी।
००

Previous articleसुप्रीम कोर्ट का सीबीएसई की 3-भाषा नीति के कार्यान्वयन के खिलाफ याचिका पर अंतरिम आदेश देने से इनकार
Next articleऐतिहासिक धरोहरों और जल संरचनाओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव