भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 24 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने खास उपलब्धि हासिल की। पारी का 11वां रन बनाते ही उनके वनडे करियर में 3,000 रन पूरे हो गए। सिर्फ 72 पारियों में यह कारनामा करने वाले श्रेयस संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। आइए वनडे क्रिकेट में श्रेयस के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
श्रेयस ने 3,000 वनडे रन पूरे करने के लिए 72 पारियां और 78 मैच खेले। उन्होंने इस मामले में पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की बराबरी की, जिन्होंने भी 72 पारियां खेली थीं। गौरतलब है कि अय्यर और धवन केवल शुभमन गिल से पीछे हैं, जिन्होंने 62 पारियों में 3,000 वनडे रन पूरे किए थे। गिल ने मौजूदा सीरीज के पहले वनडे में यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने मैच जिताने वाली 84* रन की पारी खेली थी।
धवन की बराबरी करने के अलावा, श्रेयस ने इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन और वेस्टइंडीज के दिग्गज गॉर्डन ग्रीनज की भी बराबरी कर ली है। इन सभीने भी 72 पारियों में 3,000 वनडे रन पूरे किए थे। सूची में हाशिम अमला (57 पारी) पहले, गिल (62 पारी) दूसरे, शाई होप, फखर जमान और इमाम-उल-हक (67-67 पारी) तीसरे, बाबर आजम (68 पारी) चौथे और विव रिचर्ड्स (69पारी) 5वें नंबर पर हैं।
क्रिकबज के अनुसार, श्रेयस गेंदों की संख्या के हिसाब से भी 3,000 रन पूरे करने वाले तीसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने यह आंकड़ा छूने में 3,049 गेंदों का सामना किया है। इस रिकॉर्ड के मामले में कपिल देव और गिल ही श्रेयस से आगे हैं। कपिल ने 2,995 गेंदों में और गिल ने 3,016 गेंदों में यह कारनामा किया था। इसी तरह वीरेंद्र सहवाग चौथे पायदान पर हैं, जिन्होंने 3,164 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
श्रेयस ने भारतीय टीम के लिए पहला वनडे मुकाबला साल 2017 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने इस प्रारूप में 78 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 72 पारियों में 45.68 की औसत और 98.56 की स्ट्राइक रेट से 3,015 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 23 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 128 रन का रहा है। इस दौरान उन्होंने 276 चौके और 74 छक्के भी अपने नाम किए हैं।








