भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को दूसरे वनडे में 170 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 402 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में अफगानिस्तान 44.3 ओवर में 232 रन ही बना पाई। सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को 7 विकेट से जीत मिली थी।
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। उनका ये फैसला गलत साबित हुआ। कप्तान शुभमन गिल (154) और ईशान किशन (125) ने शानदार शतकीय पारी खेली। नंगेयालिया खारोटी ने अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। जवाब में अफगानिस्तान के लिए रहमत शाह (79) को छोडक़र और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़े ने 3-3 विकेट लिए। गिल ने अपनी कप्तानी में पहली सीरीज जीती।
गिल ने 110 गेंदों में 22 चौके और 2 छक्कों की मदद से 154 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का 9वां और बतौर कप्तान पहला ही शतक रहा है, जिसे उन्होंने 77 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने ईशान के साथ मिलकर 224 रन की शानदार साझेदारी निभाई। उन्होंने अब तक 63 मुकाबले खेले हैं और इसकी 63 पारियों में 59.09 की औसत और 101.04 की स्ट्राइक रेट से 3,191 रन बनाने में सफल रहे हैं।
क्रिकबज के अनुसार, गिल की ओर से जड़ा गया यह शतक वनडे क्रिकेट इतिहास में किसी भारतीय कप्तान द्वारा बनाया गया 5वां सबसे तेज (गेंदों के हिसाब से) शतक है। इस मामले में उनसे आगे रोहित शर्मा (अफगानिस्तान के खिलाफ 63 गेंदें, दिल्ली, 2023), वीरेंद्र सहवाग (वेस्टइंडीज के खिलाफ 69 गेंदें, इंदौर, 2011), विराट कोहली (श्रीलंका के खिलाफ 76 गेंदें, कोलंबो, 2017) और रोहित (इंग्लैंड के खिलाफ 76 गेंदें, कटक, 2025) हैं।
लखनऊ की भीषण गर्मी में भी मांसपेशियों में ऐंठन से जूझते हुए गिल लगातार स्ट्राइक रोटेट करते रहे। हालांकि, भारत ने 37वें ओवर में ईशान का विकेट गंवा दिया, लेकिन गिल ने श्रेयस अय्यर (26) के साथ 40 रन की साझेदारी करते हुए टीम के स्कोर को 350 के पार पहुंचा दिया। गिल ने 108 गेंदों में अपने 150 रन पूरे किए। वह अब वनडे में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज 150 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
ईशान ने मैच में 79 गेंदों का सामना कर 125 रन बनाए। उनके बल्ले से 14 चौके और 7 छक्के निकले। यह उनके वनडे करियर का दूसरा और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 71 गेंदों में पूरा किया। वह अब तक 29 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 26 पारियों में 45.05 की औसत और 107.69 की स्ट्राइक रेट से 1,092 रन बनाने में सफल रहे हैं।
ईशान सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 29 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। कुल मिलाकर ईशान दूसरे सबसे तेज 1,000 रन पूरे करने वाले विकेटकीपर हैं। इस मामले में उनसे आगे केवल दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक है, जिन्होंने 21 पारियों में ही यह कारनामा कर दिया था।
ईशान अब अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरा सबसे तेज शतक जडऩे वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे शतक का रिकॉर्ड इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन के नाम दर्ज है, जिन्होंने साल 2019 में मैनचेस्टर में 57 गेंदों में शतक जड़ा था। इस सूची में रोहित (63 गेंद, 2023, दिल्ली) दूसरे नंबर पर हैं। इस सूची में ग्लेन मैक्सवेल (76 गेंद, 2023, मुंबई) चौथे नंबर पर काबिज हैं।
श्रेयस ने मैच में 24 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने खास उपलब्धि हासिल की। पारी का 11वां रन बनाते ही उनके वनडे करियर में 3,000 रन पूरे हो गए। सिर्फ 72 पारियों में यह कारनामा करने वाले श्रेयस संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन की बराबरी की, जिन्होंने भी 72 पारियां खेली थीं। श्रेयस के आगे केवल शुभमन गिल (62 पारी) हैं।
धवन की बराबरी करने के अलावा, श्रेयस ने इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन और वेस्टइंडीज के दिग्गज गॉर्डन ग्रीनज की भी बराबरी कर ली है। इन सभीने भी 72 पारियों में 3,000 वनडे रन पूरे किए थे। सूची में हाशिम अमला (57 पारी) पहले, गिल (62 पारी) दूसरे, शाई होप, फखर जमान और इमाम-उल-हक (67-67 पारी) तीसरे, बाबर आजम (68 पारी) चौथे और विव रिचर्ड्स (69पारी) 5वें नंबर पर हैं।
रोहित ने मैच में 48 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने खास उपलब्धि हासिल की। पारी का 10वां रन बनाते ही उन्होंने अपने लिस्ट-्र करियर में 14,000 रन पूरे कर लिए। उन्होंने अब तक 357 मैच खेले हैं, जिसकी 345 पारियों में 46 से अधिक की औसत से 14,038 रन अपने नाम किए हैं। इसमें 37 शतक और 74 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। वह 360 छक्के जड़ चुके हैं।








