नईदिल्ली,(आरएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाने पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर टेलीग्राम प्रतिबंध को पेपर लीक रोकने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का नया नुस्खा बताया है। राहुल ने लिखा कि टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाना बताता है कि चोर को पकडऩे के बजाय, पीडि़त के घर पर ताला लटका दो।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने लिखा, टेलीग्राम बैन- मोदी सरकार का पेपर लीक रोकने का नया नुस्खा। यानी चोर को पकडऩे के बजाय, पीडि़त के घर पर ताला लटका दो। लाखों छात्र सालों से टेलीग्राम पर पढ़ते हैं- नोट्स, टेस्ट सीरीज़, डिस्कशन, तैयारी। वो सुविधा छीन लेना पेपर लीक का समाधान कैसे हुआ? और यह फूलप्रूफ भी नहीं है- यह देश का हर छात्र जानता है, और पेपर लीक माफिया भी। फिर अगला बैन किसपर लगाएंगे? व्हाट्सऐप? राहुल ने आगे लिखा, परीक्षा के दिन छात्रों की तलाशी होगी। जेबें कैंची से काटी जाएंगी। प्रश्नपत्र वायुसेना से भेजे जाएंगे। दिखावे की कोई कमी नहीं होगी। पर बीमारी की जड़ पर एक वार भी नहीं, क्योंकि पेपर लीक माफिया इसी सरकार की देख-रेख में फल-फूल रहा है, और युवाओं को खून के आंसू रुला रहा है। मोदी जी- दिखावा छोडि़ए। माफिया पर वार कीजिए, छात्र पर नहीं। छात्रों की गूंज सुनिए- वरना देश का युवा हक लेना जानता है।
पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के गुस्से को देखते हुए राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन शुरू किया है, जिसकी पहली महारैली राजस्थान के कोटा में हो रही है। राहुल बुधवार को महारैली में भाग लेने के लिए कोटा रवाना हो गए हैं। यहां के दशहरा मैदान में वह छात्रों को संबोधित करेंगे। इसके बाद अगली रैली उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कोटा रवाना होने से पहले एक्स पर पोस्ट भी किया है।








