पटना में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों का बवाल

Join Us

पटना,(आरएनएस)। बिहार पुलिस निषेध विभाग की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हिंसक रूप ले लिया। ट्रेन की माकूल व्यवस्था न होने का आरोप लगाते हुए नाराज छात्रों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया और परीक्षा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन में भारी तोडफ़ोड़ की। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को लाठीचार्ज के साथ-साथ आंसू गैस के गोले दागने पड़े और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, रविवार को बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पाटलिपुत्र स्टेशन पर जमा हुए थे। इसी बीच ट्रेनों की व्यवस्था को लेकर छात्रों की नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन उग्र हो गया और प्रदर्शनकारियों ने रेलवे संचालन को बाधित करने का प्रयास करते हुए तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। घटना की भनक लगते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआत में भीड़ को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन जब स्थिति काबू से बाहर होने लगी, तो पुलिस को एक्शन लेना पड़ा। इस भीषण बवाल और पत्थरबाजी में आईजी समेत कई पुलिस अधिकारियों को चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस पूरे बवाल पर पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि प्रशासन को देर रात ही स्टेशन पर कुछ लोगों द्वारा हंगामा करने की सूचना मिल गई थी। प्रशासन ने लगातार छात्रों से शांति बनाए रखने और अन्य अभ्यर्थियों का सहयोग करने की अपील की।
डीएम के मुताबिक, स्टेशन पर पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध करवाई गई थीं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार ट्रेनों की इमरजेंसी चेन खींचकर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग पर अड़े हुए थे। इन उपद्रवियों ने उन अभ्यर्थियों को भी ट्रेन में चढऩे से रोकने का प्रयास किया जो शांतिपूर्वक परीक्षा देने जाना चाहते थे, जिसके चलते पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। डीएम ने साफ किया कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। सभी निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और रेलवे परिचालन सुचारू रूप से चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान और दर्ज होगा केस
इस हिंसक घटना के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह से सख्त नजर आ रहा है। मामले में आईजी ने अपना बयान जारी करते हुए कहा कि छात्रों द्वारा जबरन ट्रेन खोलने की मांग को लेकर हंगामा और तोडफ़ोड़ की गई, जिसके बाद ही हालात को संभालने के लिए लाठीचार्ज किया गया। इस पूरे बवाल में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही है। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाए। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज के आधार पर तोडफ़ोड़ करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleनापाक हरकतें बंद कर दे पाकिस्तान, नहीं तो अब दाना-पानी कर देंगे बंद: राजनाथ सिंह
Next articleमप्र में प्री-मानसून का असर तेज