होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर अमेरिकी हमले में मारे गए 3 भारतीय नाविकों की मौत पर ईरान ने दुख और गुस्सा जाहिर किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बागाई ने एक्स पर अमेरिकी हमले को हथियारबंद लूट और सरकारी समुद्री डकैती का साफ सबूत बताया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदायों से मांग की है कि अमेरिका के इस गैर-कानूनी व्यवहार के लिए उसे जवाबदेह ठहराना चाहिए।
प्रवक्ता ने लिखा, भारतीय वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी बेरहम हमलों में 3 भारतीयों की मौत हुई है। ये हमले अमेरिका की हथियारबंद लूट और सरकारी समुद्री डकैती की जारी नीति का साफ सबूत हैं। हम भारतीय नाविकों के परिवारों के प्रति सहानुभूति और गहरी संवेदना जताते हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अमेरिका के गैर-कानूनी व्यवहार के लिए उसे जवाबदेह ठहराना चाहिए, क्योंकि यह व्यवहार वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है और समुद्री आवाजाही को भी खतरे में डालता है।
अमेरिकी नौसेना ने बुधवार को पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेट्टेबेलो पर नाकाबंदी का उल्लंघन करने पर बमबारी की थी। जहाज के इंजन कक्ष में आग लगने के बाद 3 भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जबकि जहाज में सवार 24 में से 21 नाविकों को बचा लिया गया। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन ने हमले को अस्वीकार्य बताया और पारदर्शी जांच की मांग की। भारत ने अमेरिकी उपमिशन प्रमुख अमेरिकी चार्ज डीअफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया था।








