नर्मदापुरम/ कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में बुधवार को तहसील सिवनी मालवा स्थित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में खाद आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम श्री विजय राय की उपस्थिति में समितियों एवं डबल लॉक गोदामों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई जा रही खाद वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि, समिति प्रबंधक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपस्थित समस्त समिति प्रबंधकों एवं किसान संघों के प्रतिनिधियों के साथ इस बात पर विस्तृत चर्चा की गई कि किसान भाइयों को समितियों एवं डबल लॉक गोदामों में उपलब्ध खाद का समय रहते अग्रिम उठाव करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कृषि कार्यों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। एसडीएम श्री विजय राय ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में खाद की कोई कमी नहीं है तथा समितियों एवं गोदामों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसान भाई समय पर खाद का उठाव कर लेते हैं तो अंतिम समय में होने वाली भीड़ एवं अव्यवस्था से बचा जा सकेगा तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति भी सामान्य बनी रहेगी। एसडीएम श्री राय ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की नियमित जानकारी दी जाए तथा वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सुचारु व्यवस्था के साथ संपादित किया जाए। बैठक में तहसीलदार, राजस्व विभाग का मैदानी अमला, कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, समस्त समिति प्रबंधक एवं विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।








