तुर्की के अंकारा हवाई अड्डे पर शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा टल गया। यहां अंकारा से इजमिर जा रही पेगासस एयरलाइंस के विमान में अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद यात्रियों को स्लाइडर से उतारा गया। बताया जा रहा है कि विमान के अंदर एक यात्री ने पावर बैंक चार्ज पर लगाया था, जिसमें शॉर्ट-सर्किट के बाद धुआं उठा था। घटना के समय विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था।
घटना के बाद सभी यात्रियों को स्लाइडर की मदद से नीचे उतारा गया। इस दौरान किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने विमान की जांच की तो पाया कि केबिन के अंदर धुएं के निशान होने के साथ पावर बैंक के अंदर आग लगने के भी संकेत मिले हैं। घटना ने विमानों में लिथियम-आयन बैटरी उपकरणों से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं को उजागर किया है। उपकरण को हटा दिया गया है।
तुर्की के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने उड़ान सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण 2025 में विमानों में पोर्टेबल पावर बैंक चार्ज करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। उसने ऐसे उपकरणों को विमान में ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया है। हालांकि, उसे चेक-इन बैगेज में ले जा सकते हैं। बता दें, पावर बैंक से विमान के अंदर धुआं उठने की कई खबरे सामने आ चुकी हैं। पिछले दिनों हैदराबाद से चंडीगढ़ की इंडिगो उड़ान में भी ऐसा मामला सामने आया था।








