अमेरिका में एक संदिग्ध शख्स ने व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की है। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में ही मौजूद थे। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली लगी, जिसमें उसकी मौत हो गई। संदिग्ध युवक की पहचान 21 साल के नासिर बेस्ट के तौर पर हुई है। वह अमेरिका के मैरीलैंड राज्य का रहने वाला था। बीते एक महीने में ट्रंप के आसपास गोलीबारी की यह तीसरी घटना है।
अमेरिका की सीक्रेट सर्विस ने बताया कि 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू के इलाके में एक व्यक्ति ने पूर्वी समयानुसार शाम 6 बजे अपने बैग से हथियार निकाला और गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें संदिग्ध को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक राहगीर को भी गोली लगी। सीक्रेट सर्विस ने बताया कि सभी सुरक्षाकर्मी-अधिकारी सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध ने सीक्रेट सर्विस के चेकपॉइंट पर पहुंचने से पहले इलाके में कुछ देर चक्कर लगाए। फिर उसने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और वहां तैनात अधिकारियों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। हमलावर ने 3 बार गोली चलाई।
सूत्रों ने बताया कि लगभग 30 गोलियां चलाई गईं। गोली लगने के बाद हमलावर को जॉर्ज वाशिंगटन अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर नासिर के बारे में अधिकारियों को पहले से जानकारी थी और वो मानसिक रूप से विक्षिप्त था। उसे पहले भी व्हाइट हाउस के आसपास देखा गया था, जिसके बाद अधिकारियों ने उसे दूर रहने का आदेश दिया गया था। 10 जुलाई, 2025 को भी वो व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था। तब के कोर्ट रिकॉर्ड में दर्ज है कि उसने खुद को आज के दौर का ईसा मसीह बताया था।
इससे पहले 26 अप्रैल को वॉशिंगटन डीसी में सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान भी गोलीबारी हुई थी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। 28 नवंबर, 2025 को भी व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी हुई थी। इसमें एक महिला अधिकारी की मौत हो गई थी। हमलावर की पहचान 29 वर्षीय अफगान शरणार्थी रहमानुल्लाह लकनवाल के तौर पर हुई थी।








