माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी अपनी फिल्म मां बहन के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही हैं। हाल ही में, निर्माताओं ने फिल्म का टीजर जारी करते हुए सभी किरदारों से रूबरू करवाया था। फिल्म से जुड़ा एक और अपडेट आया है, जिसमें इन किरदारों का नामकरण किया गया है। इसके अलावा, ट्रेलर की रिलीज तारीख का खुलासा भी कर दिया गया है। बता दें, इस डार्क कॉमेडी का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है।
नए वीडियो क्लिप में, माधुरी का कॉलोनी रानी रेखा के तौर पर परिचय कराया गया है। बेटी बनीं तृप्ति सयानी रानी जया के किरदार में हैं। दूसरी बेटी का किरदार धर्णा दुर्गा निभा रही हैं, जिन्हें रील्स रानी सुषमा के तौर पर पेश किया गया है। रवि किशन भी इसका हिस्सा हैं और वह आदर्श पुरुष गुप्ता के किरदार में हैं। फिल्म का ट्रेलर आज 22 मई को रिलीज किया जाएगा, जबकि फिल्म 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
वहीं फिल्म की कास्ट ने प्रमोशन भी शुरू कर दिया है। माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी के वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं। माधुरी दीक्षित इस दौरान सफेद रंग की साड़ी में नजर आईं, इसमें काले रंग से हल्की सी कढ़ाई भी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने ऊपर से ब्लैक कलर का ब्लेजर भी डाल रखा है, जो उनके लुक को कंप्लीट करता है। कानों में बड़े से ईयररिंग्स पहने माधुरी काफी स्टनिंग लग रही थीं।
‘मां बहन’ का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। यह एक मोहल्ले की कहानी है। फिल्म में माधुरी और तृप्ति के अलावा रवि किशन, धरना दुर्गा, गीतांजलि कुलकर्णी और अरुणोदय सिंह जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘मां बहन’ 4 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होनी है।








