तमिल एक्शन ड्रामा फिल्म करुप्पु ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है. सूर्या-तृषा की अभिनीत फिल्म ने बॉक्स ऑफि़स पर रिलीज के दूसरे दिन बेहतर कलेक्शन के साथ अपनी सिनेमाई दौड़ जारी रखी. आरजे बालाजी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 15 मई को दुनिया भर में रिलीज हुई और पहले दिन स्थिर शुरुआत के बाद, शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर लंबी छलांग लगाई.
रिलीज के पहले दिन फिल्म को कुछ छोटी-मोटी रुकावटों का सामना करना पड़ा था, जैसे कि फ़ाइनेंशियल क्लियरेंस से जुड़ी दिक्कतों की वजह से आखिरी समय में हुई देरी और कुछ शो का रद्द होना. लेकिन फिल्म ने बहुत तेजी से वापसी की. इसके बाद, फिल्म की रफ्तार में अचानक ही तेजी आ गई. फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिली.
जब लोगों के बीच फिल्म की तारीफ पहुंची, तो सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. करुप्पु अब न सिर्फ पूरे भारत में, बल्कि विदेशों के बाजारों में भी एक बड़ी कमर्शियल सफलता बनती नजर आ रही है. यह इस बात का साफ संकेत है कि दर्शकों द्वारा इस फिल्म को हर जगह कितना पसंद किया जा रहा है.
पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की वजह से फिल्म वीकेंड पर अच्छा ग्रो कर रही है. बात फिल्म के कलेक्शन की करें तो सैकनिल्क के मुताबिक, करुप्पु ने ओपनिंग डे पर भारत में 15.50 करोड़ रुपये की शानदार नेट कमाई के साथ शुरुआत की.
फिल्म ने भारत में 4,891 शो से 15.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इसके साथ ही, भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 17.93 करोड़ रुपये रहा. विदेशों में, फिल्म ने कुल 11.00 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जिससे इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन बढक़र 28.93 करोड़ रुपये हो गया है.
सैकनिल्क के अनुसार, सूर्या की फिल्म ने दूसरे दिन भारत में 6,288 शो के जरिए लगभग 23.40 करोड़ रुपये की नेट कमाई की. इसके साथ ही, रिलीज के दो दिनों के भीतर ही फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 38.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन फिलहाल 45.04 करोड़ है.
फिल्म ने विदेशों में भी जबरदस्त प्रदर्शन जारी रखा. सैकनिल्क के अनुसार, करुप्पु ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 10 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया, जिससे विदेशों में इसका कुल कलेक्शन अब तक 21 करोड़ तक पहुंच गया है. दूसरे दिन के अंत के बाद फिल्म का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन लगभग 69.91 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स द्वारा निर्मित, करुप्पु में आरजे बालाजी, इंद्रन्स, नैटी सुब्रमण्यम, स्वासिका, शिवदा और सुप्रीत रेड्डी जैसे कलाकारों की एक बड़ी टीम है, जो सहायक भूमिकाओं में नजर आए हैं. इस फिल्म की स्क्रीनप्ले आरजे बालाजी ने अश्विन रविचंद्रन, राहुल राज, टीएस गोपी कृष्णन और करण अरविंद कुमार के साथ मिलकर लिखी है. तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर जेके विष्णु, एडिटर आर. कलैवानन और संगीतकार साई अभ्यंकर शामिल हैं.








