पुणे,(आरएनएस)। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। एजेंसी ने महाराष्ट्र के पुणे से केमेस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है। सीबीआई कुलकर्णी को पेपर लीक गिरोह का सरगना बता रही है। एजेंसी ने बताया कि कुलकर्णी राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के साथ परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे, इस वजह से उनकी प्रश्नपत्र तक पहुंच थी। कुलकर्णी लातूर का रहने वाला है।सीबीआई के मुताबिक, कुलकर्णी एनटीए की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। जांच में यह सामने आया कि कुलकर्णी की नीट के प्रश्न पत्रों तक सीधी पहुंच थी। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले केमिस्ट्री के पेपर के कुछ हिस्से लीक कर दिए थे। कुलकर्णी ने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों के लिए अपने घर पर विशेष कोचिंग चलाई। मनीषा को सीबीआई पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
सीबीआई ने बताया कि इन विशेष कोचिंग क्लास के दौरान कुलकर्णी ने छात्रों को प्रश्न, उनके विकल्प और सही उत्तर बोलकर लिखवाए थे। छात्रों ने इन प्रश्नों को अपनी नोटबुक में हाथ से लिखा था। यही प्रश्न 3 मई को हुई नीट यूजी परीक्षा के असली पेपर में आए थे। सीबीआई ने इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 3 राजस्थान के एक ही परिवार के हैं।








