अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य में गुरुवार को एक मेडिकल विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 4 लोगों की मौत हो गई। घटना के समय बीचक्राफ्ट किंग एयर 90 विमान रोसवेल एयर सेंटर से रवाना होकर रुइडोसो के पास सिएरा ब्लैंका क्षेत्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहा था, तभी लिंकन काउंटी में कैपिटन पर्वत श्रृंखला में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लिंकन काउंटी के प्रबंधक ने बताया कि विमान में पायलट समेत 4 लोग सवार थे।
सूत्रों से पता चला कि विमान ने बुधवार रात को रोसवेल से उड़ान भरी और कुछ देर बाद अचानक दाईं ओर मोड़ लिया और फिर हवाई अड्डे की ओर वापस लौटते हुए 15 मिनट बाद रडार से गायब हो गया। जहां विमान गिरा, वहां दुर्घटना के कारण 5 एकड़ से कम क्षेत्र में आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर अमेरिकी वन सेवा ने आग को बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, किसी को बचाया नहीं जा सका।
ट्रांस एयरो मेडईवैक का कहना है कि विमान एक चिकित्सा परिवहन मिशन पर था। संचार और रडार संपर्क टूटने के बाद देरी की सूचना मिली, जिसके कारण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू हुई। दुर्घटना का कारण अज्ञात है और इसकी जांच चल रही है। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड और संघीय विमानन प्रशासन से संपर्क किया जा चुका है। सिएरा ब्लैंका क्षेत्रीय हवाई अड्डे के पास 18 साल पहले 2007 में मेडिकल विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 5 जान गई थी।








