इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 57वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से मात दे दी . रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 193 रनों के लक्ष्य को विराट कोहली के नाबाद शतक की बदौलत 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में फिर से टॉप पर पहुंच गया है.
विराट कोहली ने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे. यह उनका 9वां आईपीएल शतक और टी20 में कुल मिलाकर 10वां शतक था. इस शानदार पारी की वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड भी दिया गया. जिसके साथ वो आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा ये अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ी रोहित शर्मा की बराबरी कर ली. दोनों खिलाड़ी अब तक 21-21 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत चुके हैं. तीसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं, जिन्होंने 18 बार ये अवॉर्ड अपने नाम किया है.
मैच की बात करें तो बारिश की वजह से मैच एक घंटा देरी से शुरू हुआ, लेकिन एक भी ओवर की कटौती नहीं की गई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी के शानदार 71 रन और रिंकू सिंह के नाबाद 49 रनों की बदौलत 192/4 का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
केकेआर की तरफ से रघुवंशी ने 46 गेंद में 71, रिंकू सिंह ने 29 गेंद में 49 और कैमरून ग्रीन ने 24 गेंद में 32 रनों की पारी खेली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों की तरफ से भुवनेश्वर, हेजलवुड और डार को एक-एक विकेट मिली.
193 रनों के लक्ष्य को चेज करने में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी का केंद्र केवल विराट कोहली ही रहे. इसके अलावा बेथल ने 15, पडिक्कल ने 39, रजत पाटीदार ने 11, टिम ने 2 और जितेश ने 8 रनों के योगदान दिया. केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी ने 4 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट हासिल करने में सफल रहे.








