दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट

Join Us

 -इंटेलिजेंस एजेंसियों ने जताई आत्मघाती हमला,गोलीबारी और आईईडी ब्लास्ट की आशंका
नई दिल्ली,(ए.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर इंटेलिजेंस एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के बाद भाजपा मुख्यालय और आसपास स्थित सरकारी इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकवादी आत्मघाती हमला, कार ब्लास्ट, गोलीबारी या आईईडी विस्फोट जैसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं।
मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय और आसपास के महत्वपूर्ण सरकारी परिसरों को संभावित निशाना माना जा रहा है। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।खतरे की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती की गई है। प्रमुख इमारतों और संवेदनशील स्थानों के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है तथा आने-जाने वाले वाहनों की रैंडम चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीसीटीवी निगरानी को भी और मजबूत किया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस सामान या लंबे समय तक खड़े वाहनों की तुरंत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्तों, स्निफर डॉग यूनिट्स और क्विक रिएक्शन टीमों (क्यूआरटी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली फायर सर्विस को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। सूत्रों के अनुसार, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर सुरक्षा जांच को पहले से अधिक सख्त कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि राजधानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Previous articleसुवेंदु ने ली सीएम पद की शपथ
Next articleभारत ने एडवांस्ड अग्नि मिसाइल का किया सफल परीक्षण, कई लक्ष्यों पर कर सकती है हमला