भोपाल (ए.)। राजधानी भोपाल में गर्मी बढऩे के साथ ही जूस और लस्सी की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। शहर के बाजारों, चौराहों और सडक़ किनारे बड़ी संख्या में लोग राहत पाने के लिए जूस, शेक और लस्सी का सेवन कर रहे हैं। इसी बीच मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले पेय पदार्थ बेचने की शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए कई नामी दुकानों पर छापेमारी की है। मानव अधिकार आयोग द्वारा मामले में संज्ञान लेने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। अधिकारियों ने कई दुकानों से जूस, लस्सी और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं।
शहर के कई बड़े जूस सेंटर जांच के घेरे में
कार्रवाई के दौरान अशोका गार्डन स्थित न्यू फेमस एंड रेस्टोरेंट से मैंगो जूस, लस्सी, मैदा, गुलाब जामुन और मठरी के नमूने लिए गए। इसके अलावा बॉम्बे जूस कॉर्नर (बरखेड़ी), घमंडी लस्सी (एमपी नगर), आदर्श जूस सेंटर (इंद्रपुरी), बॉम्बे जूस सेंटर (बुधवारा), आगरा समोसा कॉर्नर (रंगमहल चौराहा), फेमस जूस कॉर्नर (इब्राहिमपुरा), श्रीकृष्ण लस्सी कॉर्नर (पीरगेट) और गुजरात कोल्ड ड्रिंक एंड जूस सेंटर (घोड़ा नक्कास) पर भी जांच की गई।
नकली रंग और केमिकल मिलाने की शिकायत
खाद्य सुरक्षा विभाग को शिकायत मिली थी कि कई दुकानों पर जूस और मैंगो शेक में कृत्रिम रंग, सिंथेटिक एसेंस, थिकनर और ज्यादा मात्रा में सैकरीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक ऐसे केमिकल स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं और किडनी व लिवर पर बुरा असर डाल सकते हैं।
रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि सभी संदिग्ध सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पडऩे पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी में जूस और लस्सी खरीदते समय साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। बहुत ज्यादा चमकीले रंग और बेहद सस्ते पेय पदार्थों से बचने की सलाह दी गई है।








