भोपाल (ए.)। राजधानी भोपाल में पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी एक एमबीबीएस डॉक्टर 25 वर्षीय सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 280 नकली नोट बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए एप्पल आईफोन में यूके (+44) नंबर का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप कॉलिंग करता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह या संदिग्ध विचारधारा से जुड़ा तो नहीं है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सात दिन की रिमांड पर लिया गया है।
सेफिया कॉलेज ग्राउंड के पास पकड़ा गया आरोपी
कोहेफिजा थाना पुलिस को 6 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेफिया मस्जिद के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और कम कीमत पर 500 रुपये के नोट देने की बात कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सेफिया कॉलेज ग्राउंड के पास आरोपी सैफुल इस्लाम को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से चार अलग-अलग सीरीज के नकली नोट, एक आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपी फिलहाल भोपाल के शाहपुरा इलाके में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले का बताया गया है।








