अंधड़-बारिश से पारा 40 डिग्री के नीचे पहुंचा, कई राज्यों में होगी तूफानी बारिश

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। देशभर में बारिश-अंधड़ के कारण मई के पहला सप्ताह गर्मी से राहतभरा रहा है। दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में मंगलवार को ओलावृष्टि भी देखने को मिली। मौसम में आए बदलाव के कारण अधिकांश जगह तापमान 40 डिग्री के नीचे चला गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को 14 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने की भी संभावना है।दिल्ली में मंगलवार रात को हुई बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। 6 मई को अधिकतम 36 और न्यूनतम 21 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ बिजली कडक़ने की संभावना है। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढऩे के आसार हैं। समीपवर्ती उत्तर प्रदेश में अंधड़-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है, वहीं पिछले 3 दिनों से खराब मौसम के चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री पर आ गया है।आईएमडी ने मध्य प्रदेश के 28 जिलों में आज बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने और ओले गिरने का अनुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है। हालांकि, अगले 3-4 दिनों में स्थिति बदल सकती है। इसी प्रकार बिहार में बुधवार सुबह सुपौल और खगडिय़ा में बारिश हुई है और आज 15 जिलों में मौसम खराब होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में लगातार तीसरे दिन बारिश संभावना है। मंगलवार को केदारनाथ धाम समेत ऊंची चोटियों पर लगातार चौथे दिन बर्फबारी हुई, जिससे तापमान माइनस 7 डिग्री से नीचे चला गया। जम्मू-कश्मीर में 6-9 मई के बीच मौसम ज्यादातर शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन 10-12 मई के बीच बादल एक बार फिर बरस सकते हैं। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के करीब 9 जिलों में बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
००

 

Previous articleउपज का एक-एक दाना कीमती, भुगतान में देरी बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleतमिलनाडु में थलापति विजय के सरकार बनाने के दावे पर राज्यपाल को आपत्ति, आज नहीं होगा शपथ-ग्रहण